
पानी, बिजली, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से बदल रही लूणकरणसर की तस्वीर : खाद्य मंत्री
बीकानेर, 30 सितंबर। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री सुमित गोदारा ने कहा कि लूणकरणसर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को स्थानीय जरूरतों और आमजन की प्राथमिकताओं के अनुरूप आगे बढ़ाया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों की उपयोगिता तभी सार्थक है, जब उनका सीधा लाभ आमजन के दैनिक जीवन में दिखाई दे। इसी दृष्टि से क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और सामुदायिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करवाया जा रहा है।
खाद्य मंत्री ने बुधवार को लगातार छठे दिन लूणकरणसर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों के दौरे के दौरान यह बात कही। इस दौरान उन्होंने करोड़ों रुपए की लागत से पूर्ण हुए विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण तथा कई नए कार्यों का शिलान्यास किया।
मंत्री श्री गोदारा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों को नई गति मिली है। राज्य सरकार गांवों के विकास को केंद्र में रखते हुए आवश्यकतानुसार आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कर रही है। उन्होंने कहा कि ‘विकसित लूणकरणसर- शिक्षित लूणकरणसर’ के संकल्प के साथ क्षेत्र में लगातार नए कार्य स्वीकृत करवाए जा रहे हैं। आने वाले समय में विकास की यह गति और तेज होगी।
उन्होंने कहा कि पिछले छह दिनों में लूणकरणसर क्षेत्र में करोड़ों रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास हुआ है। इन कार्यों से ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली, सड़क और अन्य आवश्यक सुविधाओं का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का उद्देश्य केवल निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि इनसे ग्रामीणों के जीवन को अधिक सुविधाजनक और सुगम बनाना है।
विभिन्न विकास कार्य ग्रामीणों को किए समर्पित
खाद्य मंत्री ने सोढ़वाली में 55 लाख रुपए की लागत से निर्मित उप स्वास्थ्य केंद्र, डूडीवाली में 18.57 लाख रुपए की लागत से राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में निर्मित दो कक्षा-कक्ष तथा जैसा से मेहराणा तक 66 लाख रुपए की लागत से निर्मित 2 किलोमीटर सड़क का लोकार्पण किया। मेहराणा में 33.43 लाख रुपए की लागत से राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बनने वाले तीन कक्षा-कक्षों का शिलान्यास भी किया।
इसी प्रकार पीपेरा में 15 लाख रुपए की लागत से निर्मित राजपूत समाज के सामुदायिक भवन तथा वार्ड नंबर 2 मेघवाल मोहल्ला में 5 लाख रुपए की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया गया। मलकीसर छोटा में 55 लाख रुपए की लागत से निर्मित उप स्वास्थ्य केंद्र तथा मलकीसर छोटा से मलकीसर बड़ा तक 54 लाख रुपए की लागत से निर्मित 3 किलोमीटर सड़क का कार्य भी आमजन को समर्पित किया गया।
कपूरीसर में 7 लाख रुपए की लागत से महात्मा गांधी राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में निर्मित टीन शेड तथा ढाणी पांडूसर से मलकीसर तक 2 करोड़ 40 लाख रुपए की लागत से निर्मित 6 किलोमीटर सड़क का लोकार्पण किया गया। वहीं राजपूरा हूडाण में 33/11 केवी जीएसएस का शिलान्यास किया गया।
मंत्री श्री गोदारा ने कहा कि क्षेत्र में विकास की गति अब रुकने वाली नहीं है। आगामी ढाई वर्षों में लूणकरणसर की दशा और दिशा बदलने के संकल्प के साथ काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गांव में आवश्यकता और प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्ध पूर्णता के साथ स्थानीय लोगों की भागीदारी और निगरानी को भी महत्वपूर्ण बताया।
इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।










