खेलकूद व प्रश्नोत्तरी सहित होंगे विभिन्न आयोजन, 10 अक्टूबर को निकलेगी भव्य शोभायात्रा
बीकानेर, 3 अक्टूबर। अग्रवाल समाज के प्रवर्तक एवं भगवान श्री अग्रसेन जी की जयंती के उपलक्ष्य में बीकानेर में विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। समारोह का आगाज रविवार, 4 अक्टूबर से खेलकूद एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं के साथ होगा, जबकि 10 अक्टूबर को शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।
अग्रवाल चेतना समिति के अध्यक्ष प्रमोद देवड़ा ने बताया कि जयंती समारोह के तहत 4 अक्टूबर, रविवार को भगवान श्री अग्रसेन जी के चित्र के समक्ष कार्यक्रम के साथ खेलकूद प्रतियोगिताएं एवं प्रश्नोत्तरी आयोजित की जाएंगी। इनमें नन्हे-मुन्ने बच्चों के लिए जलेबी रेस, बैलेंसिंग गेम, बोरी रेस, म्यूजिकल गेम, उड़ता बैलून सहित विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताएं होंगी। इसके साथ ही प्रश्नोत्तरी एवं पोस्टर प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा।
5 अक्टूबर, सोमवार को समाज के लोगों के लिए निःशुल्क दंत परामर्श शिविर आयोजित किया जाएगा। वहीं 6 अक्टूबर, मंगलवार को सुंदरकांड पाठ का आयोजन होगा, जिसमें समाज के लोग श्रद्धापूर्वक भाग लेंगे।
देवड़ा ने बताया कि जयंती समारोह का मुख्य आकर्षण 10 अक्टूबर, शनिवार को निकलने वाली भव्य शोभायात्रा होगी। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से तीन शोभायात्राएं निकाली जाएंगी। एक शोभायात्रा अग्रवाल भवन से, दूसरी समता नगर से तथा तीसरी अग्रसेन भवन, गोगागेट से रवाना होगी। तीनों शोभायात्राओं का त्रिवेणी संगम शाम 7 बजे महाराजा अग्रसेन सर्किल पर होगा। यहां पहुंचने के बाद महाराजा अग्रसेन जी की पूजा-अर्चना की जाएगी।
उन्होंने बताया कि 11 अक्टूबर, रविवार को महाराजा अग्रसेन जयंती दिवस के अवसर पर सुबह 8:30 बजे अग्रसेन सर्किल पर पूजा-अर्चना एवं प्रसाद वितरण किया जाएगा। इसके बाद सुबह 9 बजे अग्रवाल भवन, व्यास कॉलोनी में ध्वजारोहण, पूजा-अर्चना एवं प्रसाद वितरण का कार्यक्रम आयोजित होगा।
अग्रवाल चेतना समिति के अध्यक्ष प्रमोद देवड़ा ने बताया कि समारोह के सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए अलग-अलग कार्यक्रमों के प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। समाज के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हुए हैं। उन्होंने समाज के सभी लोगों से कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह को सफल बनाने का आह्वान किया।








