विशेष रबी गुण नियंत्रण अभियान
एक बैग डीएपी की जगह तीन बैग एसएसपी और एक बैग यूरिया उपयोग की सलाह
बीकानेर, 3 अक्टूबर। कृषि गुण नियंत्रण विशेष रबी अभियान के तहत उद्यान विभाग के कृषि आदान निरीक्षक सहायक निदेशक (उद्यान) श्री मुकेश गहलोत ने सहयोगी उद्यानिकी अधिकारी रमेश भाम्भू के साथ बीकानेर क्षेत्र में 4 कृषि आदान विक्रेता परिसरों का औचक निरीक्षण किया व 2 एसएसपी उर्वरक के नमूने आनलाईन राज एग्री क्यूसी ऐप के माध्यम से आहरित किए।
उद्यान विभाग के सहायक निदेशक श्री गहलोत ने बताया कि कृषि विभाग की ओर से जिले में कृषकों को उच्च गुणवत्ता युक्त कृषि आदान उचित मूल्य पर मिले यह प्रयास किया जा रहा है।
आगामी रबी फसलों की बुवाई के मध्यनजर उर्वरक की बढ़ती मांग के मध्यनजर किसानों को डीएपी के विकल्प के तौर पर सिंगल सुपर फास्फेट (एसएसपी) और यूरिया के उपयोग की सलाह दी। एक बैग डीएपी के स्थान पर 3 बैग एसएसपी और 1 बैग यूरिया का उपयोग किया जा सकता है। इससे उपलब्ध पोषक तत्वों की लागत डीएपी की तुलना में कम होती है।
श्री गहलोत ने बताया कि कृषि आदान बीज, उर्वरक व कीटनाशी प्रावधानों में उल्लेखित नियमानुसार ही कार्य करते हुए आपूर्तिकर्ता किसानों को कृषि आदानो की गुणवत्ता पूर्वक आपूर्ति सुनिश्चित करें इसके पूर्ण प्रयास किये जा रहे हैं। कृषि आदान विक्रेता जारी वैध लाइसेंस अनुसार ही कृषि आदानों की बिक्री वैधानिक तरीके से सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान प्रगतिशील किसानों से भी संवाद कर जैविक खेती/प्राकृतिक खेती, उर्वरको का विवेकपूर्ण उपयोग हेतु प्रोत्साहित किया गया। वैज्ञानिक सिफारिश अनुसार संतुलित उर्वरकों के उपयोग हेतु किसानों को सलाह दी। उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग को कम करने हेतु वैकल्पिक उर्वरक उपयोग / जैव उर्वरक के उपयोग को बढावा देने हेतु कृषकों/ विक्रेताओं को प्रोत्साहित किया गया।









