Bikaner Live

वन्यजीव सप्ताह-2026 के तहत वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन


‘मानव विकास एवं वन्यजीव संरक्षण’ विषय पर विद्यार्थियों ने रखे पक्ष-विपक्ष में तर्क

बीकानेर, 3 अक्टूबर। वन विभाग की ओर से वन्यजीव सप्ताह-2026 के तहत आयोजित विभिन्न विद्यालय स्तरीय प्रतियोगिताओं की श्रृंखला में शनिवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय,पवनपुरी दक्षिण विस्तार  में ‘मानव विकास एवं वन्यजीव संरक्षण’ विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई।

प्रतियोगिता में शहर के सरकारी एवं गैर-सरकारी 10 विद्यालयों के लगभग 48 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने विषय के पक्ष एवं विपक्ष में अपने तर्कपूर्ण विचार प्रस्तुत करते हुए मानव विकास और वन्यजीव संरक्षण के बीच संतुलन, पर्यावरण संरक्षण तथा जैव विविधता के महत्व पर विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती किरण पंचारिया एवं उपाचार्य श्रीमती रचना गुप्ता के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता सहायक वन संरक्षक श्री कमल चन्द ने की। कार्यक्रम में प्राचार्य श्री संदीप जैन एवं वार्ड पार्षद श्री पुनीत शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संयोजन श्री वनीष मेहता द्वारा किया गया तथा मंच संचालन श्रीमती मुक्ता तैलंग ने किया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में श्रीमती नीलम, श्रीमती विभा महर्षि एवं रेंज ऑफिसर श्रीमती सरोज ने निर्णायक की भूमिका निभाई। कार्यक्रम के सफल आयोजन में श्रीमती वसंत पांडे एवं श्री रामकुमार कासनिया का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

*जोड़बीड़ कंजरवेशन रिजर्व में विद्यार्थियों की नेचर विजिट*

डीएफओ वाइल्डलाइफ श्री तरुण मेहरा ने बताया कि वाद-विवाद प्रतियोगिता के पश्चात विद्यार्थियों को जोड़बीड़ कंजरवेशन रिजर्व की शैक्षणिक एवं प्रकृति भ्रमण यात्रा करवाई गई। इस दौरान विद्यार्थियों को थार मरुस्थलीय पारिस्थितिकी तंत्र, स्थानीय जैव विविधता, वनस्पतियों एवं वन्यजीवों के बारे में जानकारी दी गई तथा प्राकृतिक आवास एवं वन्यजीव संरक्षण के महत्व से अवगत करवाया गया।

*पब्लिक पार्क चौपाटी में वन्यजीव फोटोग्राफी प्रदर्शनी*

वन्यजीव सप्ताह के अंतर्गत पब्लिक पार्क चौपाटी में आयोजित वन्यजीव फोटोग्राफी प्रदर्शनी भी आमजन के लिए प्रातः 10 बजे से सायं 6 बजे तक खुली रही। प्रदर्शनी में वन्यजीव एवं प्रकृति से संबंधित छायाचित्र प्रदर्शित किए गए, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में नागरिक एवं विद्यार्थी पहुंचे।

डीएफओ वाइल्डलाइफ श्री तरुण मेहरा ने बताया कि वन्यजीव सप्ताह के दौरान आयोजित इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन को वन्यजीव, प्रकृति एवं जैव विविधता के संरक्षण से जोड़ना तथा उनमें पर्यावरण के प्रति जागरूकता एवं संवेदनशीलता विकसित करना है।

प्रतियोगिता में विजेता विद्यार्थियों को वन्यजीव सप्ताह के समापन समारोह के अवसर पर पुरस्कृत एवं सम्मानित किया जाएगा।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

Related Post

error: Content is protected !!