
बीकानेर। शहर की प्रतिभाशाली शख्सियतों के संघर्ष, जुनून और सफलता की प्रेरक कहानियों को सामने लाने वाली पुस्तक ‘यूनिक बीकाणा’ के तीसरे वार्षिक अंक का विमोचन शनिवार को रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र स्थित जिला उद्योग संघ सभागार में समारोहपूर्वक हुआ।
विमोचन समारोह में राष्ट्रवादी चिंतक, लेखक एवं वरिष्ठ पत्रकार के.के. उपाध्याय मुख्य अतिथि रहे, जबकि संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। रामझरोखा धाम के महंत एवं महामंडलेश्वर सरजूदास जी महाराज का पावन सानिध्य भी समारोह को मिला। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष, समाजसेवी एवं भामाशाह द्वारिकाप्रसाद पचीसिया ने की।
पुस्तक के लेखक वरिष्ठ पत्रकार प्रमोद आचार्य ने बताया कि ‘यूनिक बीकाणा’ के तीसरे वार्षिक अंक में बीकानेर शहर की 30 से अधिक प्रतिभाओं की प्रोफाइल प्रकाशित की गई हैं। इनमें विभिन्न क्षेत्रों में संघर्ष और चुनौतियों का सामना करते हुए अपनी मेहनत, प्रतिभा और लगन के दम पर अलग पहचान बनाने वाले व्यक्तित्वों की सफलता की यात्रा को शामिल किया गया है।
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि किसी भी शहर की पहचान केवल उसकी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से नहीं, बल्कि वहां के प्रतिभावान लोगों की उपलब्धियों से भी होती है। ऐसे प्रयास समाज की प्रतिभाओं को पहचान देने के साथ युवा पीढ़ी को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
लेखक प्रमोद आचार्य ने कहा कि पुस्तक का उद्देश्य बीकानेर की प्रतिभाओं की उपलब्धियों को सामने लाना और उनके संघर्ष से युवाओं को प्रेरणा देना है। उन्होंने बताया कि ‘यूनिक बीकाणा’ आमजन को निःशुल्क भेंट की जाएगी और इसका कोई मूल्य निर्धारित नहीं किया गया है।
‘यूनिक बीकाणा’ का संपादन वरिष्ठ पत्रकार रमेश बिस्सा ने किया है। विमोचन समारोह में शहर के गणमान्य नागरिकों, साहित्यकारों, पत्रकारों, उद्योग जगत से जुड़े लोगों तथा विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का संचालन रविन्द्र हर्ष ने किया।
समारोह के दौरान पुस्तक में शामिल प्रतिभाओं और उनके योगदान को भी सराहा गया। आयोजन ने बीकानेर की प्रतिभाओं और उनकी प्रेरक सफलता की कहानियों को समाज के सामने लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल का रूप लिया।














