
बीकानेर, 4 अक्टूबर।राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय एवं संबद्ध चिकित्सालय, बांद्रा बास मोड़, बीकानेर के बाल रोग विभाग की ओर से पुष्य नक्षत्र के अवसर पर 5 अक्टूबर सोमवार को निःशुल्क स्वर्णप्राशन शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. प्रमोद मिश्रा ने बताया कि जन्म से 12 वर्ष तक के बच्चों को सुबह 9:30 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक निःशुल्क स्वर्णप्राशन कराया जाएगा। आयुर्वेद में स्वर्णप्राशन को बाल स्वास्थ्य एवं रोग प्रतिरोधक क्षमता से संबंधित एक पारंपरिक उपाय के रूप में वर्णित किया गया है।
शिशु एवं बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. कैलाश कटारिया एवं डॉ. आशा खत्री ने बताया कि पुष्य नक्षत्र के अवसर पर स्वर्णप्राशन कराने की आयुर्वेदिक परंपरा रही है। शिविर के साथ आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं से बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास तथा मानसिक एवं शारीरिक विकास को प्रोत्साहन मिलेगा।
चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. प्रमोद मिश्रा एवं उपाधीक्षक डॉ. ज्योति चावला ने बताया कि आयुर्वेद के प्राचीन ग्रंथों में स्वर्णप्राशन का विशेष महत्व बताया गया है। उन्होंने अभिभावकों से अधिक से अधिक संख्या में बच्चों को शिविर में लाकर इस आयोजन का लाभ उठाने की अपील की।











