Bikaner Live

राउमावि आईजीएनपी कॉलोनी में ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह का आगाज


चित्रकला, भाषण एवं निबंध लेखन से विद्यार्थियों ने दिया ऊर्जा संरक्षण का संदेश
प्रधानमंत्री जी के पर्यावरण संरक्षण संदेश से प्रेरित आयोजन; 2 से 7 नवंबर तक अलग-अलग थीम पर होंगे कार्यक्रम
बीकानेर, 2 नवंबर 2026। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, आईजीएनपी कॉलोनी, बीकानेर में सोमवार को ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह का आगाज हुआ। विद्यालय में 2 से 7 नवंबर तक प्रतिदिन अलग-अलग थीम पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनके माध्यम से विद्यार्थियों को ऊर्जा एवं जल संरक्षण, जिम्मेदार खाद्य व्यवहार, प्लास्टिक का उपयोग घटाने तथा कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक किया जाएगा।
भारत की अध्यक्षता में 12–13 सितंबर 2026 को नई दिल्ली में आयोजित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की पृष्ठभूमि में मनाए जा रहे इस सप्ताह को प्रधानमंत्री जी के ‘मिशन लाइफ—पर्यावरण के लिए जीवनशैली’ के संदेश से जोड़ा गया। कार्यक्रम में दैनिक जीवन के छोटे-छोटे बदलावों से पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने और प्राकृतिक संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग पर बल दिया गया।
इस अवसर पर बिजली वितरण कंपनी बीकेसीएल के असिस्टेंट मैनेजर श्री प्रदीप कुमार पटनायक ने विद्यार्थियों को ऊर्जा संरक्षण की जानकारी दी। उन्होंने बिजली के विवेकपूर्ण उपयोग और अनावश्यक खपत कम करने का महत्व समझाया। विद्यार्थियों को विद्यालय के साथ अपने घरों में भी ऊर्जा बचत की आदतें अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यार्थियों ने चित्रकला, भाषण एवं निबंध लेखन के माध्यम से ऊर्जा संरक्षण का संदेश दिया। बच्चों ने अपनी रचनात्मक अभिव्यक्तियों में बिजली की बचत और पर्यावरण संरक्षण का महत्व प्रस्तुत किया। इन गतिविधियों के माध्यम से ऊर्जा बचत को दैनिक जीवन की आदत बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन उपप्रधानाचार्य वंदना राठौड़, ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह प्रभारी मनिता एवं सहायक प्रभारी रजनी गुर्जर के सहयोग से हुआ। इस अवसर पर शाला के कार्मिक मंजुल मुकुल शर्मा, मनीष विधानी ,ताराचंद पायल, अशोक व्यास, सीमा साहू, शमीम बानो ,पवन नायक, सुशीला सांखला एवं रचना भांभरी सहित अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।
निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार 2 नवंबर को ऊर्जा संरक्षण, 3 नवंबर को जल संरक्षण, 4 नवंबर को सतत खाद्य प्रणालियाँ एवं भोजन की बर्बादी रोकने, 5 नवंबर को एकल उपयोग प्लास्टिक का इस्तेमाल घटाने, 6 नवंबर को ई-कचरे के सुरक्षित निस्तारण एवं पुनः उपयोग तथा 7 नवंबर को स्वच्छता, कचरा पृथक्करण और कचरा कम करने पर केंद्रित गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।
विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुसार विद्यालय के कार्यदिवसों एवं दीपावली अवकाश को ध्यान में रखते हुए ऑनलाइन तथा घर-परिवार के स्तर पर सहभागिता के विकल्प भी उपलब्ध रहेंगे। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को संदेश दिया जाएगा कि पर्यावरण संरक्षण की शुरुआत दैनिक जीवन की जिम्मेदार आदतों से होती है।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

http://

Related Post

error: Content is protected !!