Bikaner Live

60 शहरों के संग्रहकर्ताओं ने सजाया ‘बिकाणा मुद्रा महोत्सव’, पहले दिन उमड़े 2500 दर्शक

60 शहरों के संग्रहकर्ताओं ने सजाया ‘बिकाणा मुद्रा महोत्सव’, पहले दिन उमड़े 2500 दर्शक

100 से अधिक स्टॉलों पर दुर्लभ सिक्कों और नोटों का प्रदर्शन, चार स्कूलों के 250 विद्यार्थियों ने भी देखी ऐतिहासिक धरोहर

बीकानेर। इतिहास, संस्कृति और विरासत को सहेजने के साथ नई पीढ़ी को मुद्राशास्त्र से जोड़ने के उद्देश्य से बीकानेरा न्यूमिस्मेटिक सोसायटी की ओर से आयोजित तीन दिवसीय ‘बिकाणा मुद्रा महोत्सव’ का शुक्रवार को गंगाशहर रोड स्थित अग्रसेन अग्रवाल भवन में भव्य शुभारंभ हुआ। देश-विदेश के करीब 60 शहरों से पहुंचे मुद्रा संग्रहकर्ताओं ने 100 से अधिक स्टॉलों के माध्यम से दुर्लभ सिक्कों, नोटों और ऐतिहासिक मुद्राओं का प्रदर्शन किया।

महोत्सव का उद्घाटन महापौर अनिल कल्ला, जिला कलेक्टर निशांत जैन, संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा और भाजपा जिलाध्यक्ष सुमन छाजेड़ ने दीप प्रज्वलित कर किया। अतिथियों ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और प्राचीन भारतीय मुद्राओं, ब्रिटिशकालीन सिक्कों एवं नोटों तथा देशी-विदेशी करेंसी के संग्रह में रुचि दिखाई।

जिला कलेक्टर निशांत जैन ने कहा कि बीकानेर में मुद्राशास्त्र से जुड़ा इतना बड़ा आयोजन होना गौरव की बात है। ऐसे आयोजन इतिहास और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा ने आयोजकों को बधाई देते हुए इसे सराहनीय पहल बताया। भाजपा जिलाध्यक्ष सुमन छाजेड़ ने विभिन्न शहरों से आए संग्रहकर्ताओं का स्वागत किया।

बांग्लादेश के संग्रहकर्ता का संग्रह रहा आकर्षण

महोत्सव में बांग्लादेश से पहुंचे संग्रहकर्ता मोहम्मद कमरूल इस्लाम विशेष आकर्षण रहे। उन्होंने भारत एवं हिंदुत्व से जुड़ी ऐतिहासिक वस्तुओं का प्रदर्शन किया और उनकी विशेषताओं की जानकारी दी। उन्होंने प्रशासनिक अतिथियों को बांग्लादेश के सिक्के और करेंसी नोट स्मृति चिह्न के रूप में भेंट किए।

पहले दिन 2500 लोगों ने देखी प्रदर्शनी

आयोजक किशनलाल सोनी ने बताया कि महोत्सव के पहले दिन ही करीब 2500 लोगों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। ब्रिटिशकालीन करेंसी नोटों और सिक्कों के संग्रह ने दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। स्थानीय संग्रहकर्ताओं ने भी अपने निजी संग्रह प्रदर्शित किए और लोगों को मुद्राओं के ऐतिहासिक महत्व, विशेषताओं एवं बाजार मूल्य की जानकारी दी।

250 विद्यार्थियों ने जाना सिक्कों का इतिहास

सोसायटी के सचिव सुधीर लुणावत ने बताया कि पहले दिन चार विद्यालयों के करीब 250 विद्यार्थी प्रदर्शनी देखने पहुंचे। विद्यार्थियों ने विभिन्न ऐतिहासिक सिक्कों और नोटों के बारे में जानकारी प्राप्त की। शाम को आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में ऑनलाइन धोखाधड़ी और सिक्कों-नोटों की खरीद-बिक्री के नाम पर होने वाले साइबर फ्रॉड से बचने के उपाय बताए गए।

विरासत संरक्षण का संदेश

वरिष्ठ मुद्रा संग्रहकर्ता जसवंत सिंह पारख ने आयोजन को बीकानेर के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन शहर को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाते हैं। पुरातात्विक महत्व की वस्तुओं के संग्रहकर्ता उमेश मोदी ने कहा कि देश के इतने बड़े मुद्रा महोत्सव की मेजबानी करना बीकानेर के लिए खुशी की बात है।

आयोजन समिति के सदस्य कन्हैया लाल सोनी ने बाहर से आए अतिथियों और संग्रहकर्ताओं के भोजन एवं आवास की व्यवस्थाएं संभालीं। वरिष्ठ मुद्रा संग्रहकर्ता भारत भूषण गुप्ता ने युवा टीम के प्रयासों की सराहना की। वहीं डूंगर कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. इंद्र सिंह राजपुरोहित ने विद्यार्थियों को भारतीय सिक्कों एवं नोटों के ऐतिहासिक महत्व और उनके संरक्षण की आवश्यकता के बारे में जानकारी दी।

महोत्सव के पहले ही दिन उमड़ी भीड़ और संग्रहकर्ताओं के उत्साह ने यह स्पष्ट कर दिया कि बीकानेर में इतिहास, विरासत और मुद्राशास्त्र के प्रति लोगों में विशेष रुचि है।

Picture of Prakash Samsukha

Prakash Samsukha

खबर

http://

Related Post

error: Content is protected !!