
शिवभक्ति, आध्यात्मिक चेतना और सनातन संस्कृति का संदेश देती है ‘शिवमहापुराण रसामृत’
बीकानेर। सनातन धर्म की समृद्ध परंपरा, भगवान शिव की महिमा और शिवपुराण में वर्णित आध्यात्मिक ज्ञान को साहित्य के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से पंडित लक्ष्मण पारीक द्वारा लिखित पुस्तक ‘शिवमहापुराण रसामृत’ का विमोचन शुक्रवार को बाहेती भवन में गरिमामय समारोह में किया गया। पुस्तक का विमोचन राष्ट्रीय संत सरजूदास महाराज, भागवताचार्य पंडित गोपाल नारायण व्यास, जुगलकिशोर ओझा ‘पुजारी बाबा’, यज्ञाचार्य पंडित राजेंद्र किराडू, उद्योगपति राजेश चूरा एवं पुस्तक के लेखक पंडित लक्ष्मण पारीक ने किया। समारोह में उपस्थित संतों, विद्वानों एवं गणमान्य अतिथियों ने पुस्तक की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक ग्रंथों का लेखन और उनके आध्यात्मिक संदेशों को साहित्य के माध्यम से समाज तक पहुंचाना केवल लेखन कार्य नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने का महत्वपूर्ण दायित्व है। भगवान शिव की आराधना से जुड़े महापुराण को पुस्तक के रूप में प्रस्तुत करना समाज में धार्मिक चेतना, आध्यात्मिक संस्कार और सद्भावना के प्रसार की दिशा में सराहनीय प्रयास है।
अतिथियों ने कहा कि वर्तमान समय में जब नई पीढ़ी को अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ना आवश्यक है, तब इस प्रकार के साहित्य की उपयोगिता और भी बढ़ जाती है। शिवमहापुराण में भगवान शिव के स्वरूप, उनकी लीलाओं, उपासना पद्धति, भक्ति, ज्ञान, वैराग्य और जीवन के आदर्शों का विस्तृत वर्णन मिलता है। इन प्रसंगों को पुस्तक के माध्यम से पाठकों तक पहुंचाने से धार्मिक ज्ञान के अध्ययन और मनन की नई राह खुलती है।













