Bikaner Live

मतदाता जागरूकता को लेकर स्कूल-कॉलेजों में होंगी निबंध एवं क्विज प्रतियोगिताएं

निर्वाचन साक्षरता क्लबों के माध्यम से विद्यार्थियों को मिलेगा लोकतांत्रिक प्रक्रिया समझने का अवसर, 23 दिसंबर तक चलेगा आयोजन

बीकानेर, 14 नवंबर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में निर्वाचन साक्षरता क्लब (Electoral Literacy Clubs-ELCs) के माध्यम से निबंध एवं क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को मतदान के महत्व, शुद्ध मतदाता सूचियों तथा निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना और लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करना है।

स्वीप प्रकोष्ठ प्रभारी एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद श्रीमती शैलजा पांडे ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी निर्देशों की अनुपालना में जिले के समस्त शैक्षणिक संस्थानों में इन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित कर श्रेष्ठ प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। प्रतियोगिताओं के परिणाम एवं प्रमाण पत्र जारी करने के बाद अनुपालना रिपोर्ट मुख्य निर्वाचन अधिकारी को भेजी जाएगी।

उन्होंने बताया कि निबंध प्रतियोगिता के लिए ‘शुद्ध मतदाता सूची की महत्ता’ तथा ‘मतदान का महत्व’ विषय निर्धारित किए गए हैं। इसमें महाविद्यालय स्तर के प्रतिभागियों के लिए 800 से 1200 शब्द तथा विद्यालय स्तर के प्रतिभागियों के लिए 500 से 800 शब्दों की सीमा निर्धारित की गई है। निबंध प्रतियोगिता 100 अंकों की होगी।

इसी प्रकार 30 अंकों की क्विज प्रतियोगिता में निर्वाचन नामावली की तैयारी, ईवीएम एवं वीवीपैट, मतदान तथा मतगणना प्रक्रिया से संबंधित 30 प्रश्न पूछे जाएंगे। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रश्नावली का उपयोग किया जाएगा। दोनों प्रतियोगिताएं अंग्रेजी, हिंदी अथवा स्थानीय भाषा में आयोजित की जा सकेंगी।

प्रतियोगिताओं का आयोजन तीन चरणों में होगा। प्रथम चरण में 16 से 23 नवंबर तक शैक्षणिक संस्थान स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके बाद 8 से 12 दिसंबर तक विधानसभा क्षेत्र स्तर पर तथा 14 से 18 दिसंबर तक जिला स्तर पर अंतिम चरण की प्रतियोगिताएं होंगी। परिणामों की घोषणा एवं प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया 19 से 22 दिसंबर तक पूरी की जाएगी। संबंधित ईआरओ द्वारा 23 दिसंबर तक अनुपालना रिपोर्ट जिला निर्वाचन कार्यालय को प्रस्तुत की जाएगी।

प्रत्येक स्तर पर श्रेष्ठ प्रतिभागियों का चयन निर्धारित मापदंडों के अनुसार किया जाएगा। संस्थान स्तर पर श्रेष्ठ दो विद्यार्थियों, विधानसभा क्षेत्र स्तर पर श्रेष्ठ 10 विद्यार्थियों (5 विद्यालय एवं 5 महाविद्यालय) तथा जिला स्तर पर श्रेष्ठ 10 विद्यार्थियों (5 विद्यालय एवं 5 महाविद्यालय) का चयन किया जाएगा।

प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए उन्हीं विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी पात्र होंगे, जहां निर्वाचन साक्षरता क्लब के लिए ईएलसी-ईसी/कार्य समिति का गठन किया गया है। प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तुत निबंध एवं क्विज प्रविष्टियां मौलिक होनी चाहिए। कॉपी की गई, प्लेगराइज्ड अथवा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से तैयार प्रविष्टियां मान्य नहीं होंगी। 18 वर्ष से कम आयु के प्रतिभागियों की प्रविष्टियों एवं विवरण के सोशल मीडिया पर उपयोग के लिए अभिभावक की अनुमति भी आवश्यक होगी।

निबंध प्रतियोगिता का मूल्यांकन विषयवस्तु एवं प्रासंगिकता के लिए 40 अंक, मौलिक विचारों के लिए 20 अंक, भाषा एवं अभिव्यक्ति के लिए 20 अंक तथा संरचना एवं प्रस्तुतीकरण के लिए 20 अंकों के आधार पर किया जाएगा। क्विज प्रतियोगिता में प्राप्त अंकों एवं रैंकिंग के आधार पर चयन होगा। प्रतियोगिताओं का आयोजन निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित किया जाएगा।

प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए निर्वाचन विभाग एवं ईएलसी स्टेकहोल्डर विभागों के साथ समन्वय किया जाएगा। जिला निर्वाचन कार्यालय ने संबंधित शैक्षणिक संस्थानों एवं अधिकारियों को निर्धारित समयावधि में प्रतियोगिताएं आयोजित कर आवश्यक कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

http://

Related Post

error: Content is protected !!