Bikaner Live

धार्मिक उल्लास से हुआ 170वें हर्षानंद महोत्सव का शुभारंभ
श्री मदन मोहन लाल प्यारे जी के मनोरथ दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब

बीकानेर। शहर के दम्माणी चौक स्थित श्री मदन मोहन लाल प्यारे जी मंदिर में 170वें हर्षानंद महोत्सव का शुभारंभ शनिवार सुबह विशेष पूजा-अर्चना और मनोरथ दर्शन के साथ भव्य अंदाज में हुआ। इस मौके पर श्री मदन मोहन लाल प्यारे जी का आकर्षक अंदाज में श्रृंगार किया गया था। फूलों से सजे सिंहासन, चमकते वस्त्र, मोतियों और रत्नों से सजी पोशाक और मुख पर मंद-मंद मुस्कान, ऐसा अलौकिक स्वरूप देखकर हर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गया। गूंजते जयकारों और श्री राधे-कृष्ण की सुर लहरियों से समूचा माहौल उत्सवी नजर आया। धर्मपरायण स्व. कन्हैयालाल जी दम्माणी परिवार की ओर से श्री मदन मोहन लाल प्यारे की सेवा में समर्पित इस महोत्सव के लिए समूचे दम्माणी चौक को भव्य अंदाज में सजाया गया था। चौक के प्रवेश द्वार से लेकर मंदिर तक रंग-बिरंगी रोशनी, फूलों की मालाएं, तोरण द्वार, झालरें और आकर्षक सजावट की गई थी। अलौकिक महोत्सव में शामिल होने के लिये बीकानेर समेत देश-प्रदेश से पहुंचे श्रद्धालुओं का दम्माणी परिवार की ओर से पारंपरिक रूप से स्वागत-सत्कार किया गया।  महोत्सव के कार्यक्रमों की श्रृंखला में शाम 6 बजे लक्ष्मी हेरिटेज में आयोजित भजन संध्या और मनोरथ दर्शन में श्री मदन मोहन लाल प्यारे की श्रद्धा का सैलाब नजर आया।  मंच पर श्री मदन मोहन लाल प्यारे जी का मनोरथ दर्शन सजाया गया था, जिसके सामने श्रद्धालु बैठकर भजनों का आनंद ले रहे थे। आयोजन में कोलकाता की प्रसिद्ध भजन गायक पार्टी ध्वनि ग्रुप ‘द वॉयस ऑफ मोक्ष’ के कलाकारों ने सुरीले भजनों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। ध्वनि ग्रुप के कलाकारों ने एक से बढक़र एक भजनों की प्रस्तुति दी। भजन संध्या के दौरान श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद व्यवस्था भी की गई। महोत्सव में बीकानेर शहर के अनेक गणमान्य नागरिक, समाजसेवी, व्यापारी और धर्मप्रेमी भी उपस्थित रहे। सभी ने श्री मदन मोहन लाल प्यारे जी के दर्शन कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की मंगल कामना की। महोत्सव के तहत रविवार सुबह  सुबह 7.30 बजे श्री गणेशम रिसोर्ट में भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें श्री मदन मोहन लाल प्यारे जी के संग फूलों की होली खेली जाएगी। सुबह 10.30 बजे न्यू आरके ग्रुप की ओर से श्री गणेशम रिसोर्ट में ही विशेष कार्यक्रम ‘हरे कृष्ण वेलनेस कार्निवल’ और दिव्य मनोरथ दर्शन का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद शाम 6 बजे पूगल रोड स्थित माखन भोग उत्सव कुंज में भजन और मनोरथ के समागम का आयोजन होगा, जिसमें बीकानेर के प्रसिद्ध ‘श्री सखी ग्रुप ’ के कलाकार अपने सुरीले अंदाज में भजनों की प्रस्तुतियां देंगे।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

http://

Related Post

error: Content is protected !!