
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जा रहा सिडनी टेस्ट का पहला दिन आधा बारिश के कारण धुल गया। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर बैटिंग करते हुए खेल खत्म होने तक 2 विकेट गंवाकर 166 रन बना लिए हैं। स्टीव स्मिथ (31) और मार्नस लाबुशेन (67) नाबाद हैं। लाबुशेन ने अपने टेस्ट करियर की 9वीं फिफ्टी लगाई। मैच का स्कोरकार्ड देखने के लिए यहां क्लिक करें…
मैच में डेब्यू टेस्ट खेल रहे ऑस्ट्रेलियाई ओपनर विल पुकोव्स्की ने करियर की पहली फिफ्टी लगाई। उन्हें पवेलियन भी डेब्यू टेस्ट खेल रहे भारतीय तेज गेंदबाज नवदीप सैनी ने ही भेजा। पुकोव्स्की 62 रन बनाकर LBW हुए।
डेब्यू मैच में डेब्यूटेंट को आउट करने वाले सैनी 5वें भारतीय
नवदीप सैनी अपने डेब्यू मैच में विपक्षी टीम के डेब्यूटेंट को आउट करने वाले 5वें भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। पिछली बार जहीर खान ने 2000 के ढाका टेस्ट में मेहराब हुसैन को आउट किया था। वहीं, सबसे पहले विजय हजारे ने 1946 में लॉर्ड्स टेस्ट में इंग्लिश क्रिकेटर एलेक बेडसेर को आउट किया था।
बारिश से धुला साढ़े 3 घंटे का खेल
पहले दिन शुरुआती 7.1 ओवर के बाद बारिश हो गई थी। इसके कारण साढ़े 3 घंटे का खेल नहीं हो सका। पहले दिन 90 की बजाय 55 ओवर का ही खेल हो सका। पहला दिन धुलने के कारण इसकी भरपाई अगले 4 दिन में होगी। अंपायर पैनल ने फैसला किया है कि अगले 4 दिन आधा-आधा घंटे का ज्यादा खेल होगा।














