
पुलिस ने दिल्ली एयरपोर्ट से हरियाणा के सोनीपत जिला निवासी युवक को गिरफ्तार करके उस पर देशद्रोह का आरोप लगाया है। आरोपी युवक के खिलाफ केस भी दर्ज कर लिया गया है और अभी वह सात दिन के रिमांड पर है। बताया जा रहा है कि युवक दुबई के रास्ते पाकिस्तान से लौटा है।
मिली जानकारी के अनुसार, युवक पाकिस्तान में किसी संगठन के संपर्क में था। इसलिए उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। लेकिन आरोपी दुबई के रास्ते पाकिस्तान भाग गया। अब वह पाकिस्तान से वाया दुबई लौटा है तो पुलिस ने युवक को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद ही पूरे मामले से पर्दा उठाया जाएगा। आरोपी की पहचान मूलरूप से गांव भैंसवाल, सदर थाना क्षेत्र के सेक्टर-10 स्थित वर्धमान गार्डनिया निवासी विकास वर्मा उर्फ मोहम्मद विकास के रूप में हुई है। उसके खिलाफ देशद्रोह की साजिश रचने की शिकायत मिली थी।
जून 2020 में पुलिस को मिली थी जानकारी
पुलिस को उसके खिलाफ जून 2020 में कुछ जानकारी मिली थी। उसके पाकिस्तान में किसी संगठन के संपर्क में होने की खबर मिलते ही पुलिस उसकी गिरफ्तारी की तैयारी में जुट गई। उसे इसकी भनक लग गई और वह दुबई के रास्ते पाकिस्तान भाग गया। उसने वहां पाकिस्तानी लड़की से शादी कर ली।
इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी वतन आने वाला है। तुरंत एक्शन लेते हुए पुलिस ने उसे दिल्ली एयरपोर्ट पर दबोच लिया। सदर थाना सोनीपत पुलिस ने कार्रवाई करते हुए धारा 124-ए व 153 बी के तहत युवक के खिलाफ देशद्रोह का केस दर्ज कर लिया है।
आरोपी ने 12वीं कक्षा तक पढ़ाई की है। बताया जा रहा है कि उसे कंप्यूटर की अच्छी जानकारी है। उसने एक प्रतिबंधित संगठन का मैसेज आगे फारवर्ड किया था, जिससे वह उस संगठन में शामिल हो गया था। साइबर क्राइम से उसकी इस हरकत का खुलासा हुआ और सच सामने आया।













