Bikaner Live

अग्रवाल भवन में 7 से 15 जनवरी तक श्रीमद् भागवत कथा का भव्य आयोजन होगा
soni

बीकानेर गंगाशहर रोड पर 7 से 15 जनवरी तक श्रीमद् भागवत कथा का भव्य आयोजन, आचार्य बजरंग दास महाराज करेंगे अमृतवाणी से कथा प्रवचन



बीकानेर। शहर के गंगाशहर रोड स्थित अग्रवाल भवन, शिव वैली के पास 7 जनवरी से 15 जनवरी 2026 तक नौ दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा का दिव्य एवं भव्य आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन मोहनलाल सोनी एवं समस्त मोसूण–चरकड़ा परिवार द्वारा श्रद्धा, भक्ति और पारंपरिक आस्था के साथ किया जा रहा है।

कथा का वाचन श्रीबालाजी सेवा धाम, श्रीबालाजी (नागौर) के पीठाधीश्वर अनन्त विभूषित महामंडलेश्वर आचार्य श्री बजरंग दास जी महाराज द्वारा किया जाएगा। आचार्य श्री बजरंग दास महाराज अपनी अमृतमयी, संगीतमय और भावपूर्ण वाणी से श्रद्धालुओं को श्रीमद् भागवत के दिव्य प्रसंगों का रसपान कराएंगे। आयोजकों ने बताया कि कथा के माध्यम से ज्ञान, भक्ति और वैराग्य की त्रिवेणी प्रवाहित होगी, जिससे श्रद्धालुओं के जीवन में आध्यात्मिक चेतना का संचार होगा।

कथा आयोजन की शुरुआत 7 जनवरी 2026 (माघ बदी 7, शुक्रवार) को भव्य कलश यात्रा एवं मंगलमय भक्ति प्रसंग से होगी।

कथा के दौरान विभिन्न तिथियों पर श्रीमद् भागवत के प्रमुख एवं प्रेरणादायी प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा। इनमें श्री शुक–परीक्षित जन्म, भीष्मोपदेश, कपिल गीता, ध्रुव चरित्र, भरत चरित्र, प्रह्लाद चरित्र, रामचरित्र, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, बाल लीलाएं, वेणुगीत, गोवर्धन पूजा, महारास, कंस वध, उद्धव–गोपी संवाद, द्वारका स्थापना तथा रुक्मिणी विवाह जैसे दिव्य प्रसंग प्रमुख रहेंगे। कथा का समापन 15 जनवरी 2026 (माघ बदी 12, गुरुवार) को हवन एवं महाप्रसाद के साथ होगा, जिसमें प्रातः 11:15 बजे से प्रसाद वितरण किया जाएगा।

कथा के साथ-साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। 10, 11 और 12 जनवरी 2026 को सायं 6 से 9 बजे तक “नानी बाई को मायरो” का आयोजन होगा, जिसमें मायरा वाचक सुश्री आरती रांकावत (बेरासर) अपने मधुर वचनों से कथा प्रस्तुत करेंगी। वहीं 13 जनवरी 2026, मंगलवार को सायं 6 बजे से श्री श्याम कीर्तन एवं श्याम दरबार का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सुप्रसिद्ध गायक कलाकार मास्टर नानू अपनी प्रस्तुतियों से भक्तों को भक्ति रस में सराबोर करेंगे।

आयोजकों ने बताया कि यह श्रीमद् भागवत कथा आयोजन पितृ आशीर्वाद एवं परिवारजनों की प्रेरणा से संपन्न हो रहा है। उन्होंने समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं, इष्ट-मित्रों एवं नगरवासियों से अधिकाधिक संख्या में पधारकर कथा श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित करने का आह्वान किया है। आयोजकों का कहना है कि श्रीमद् भागवत कथा न केवल आध्यात्मिक ज्ञान प्रदान करती है, बल्कि मानव जीवन को सदमार्ग पर चलने की प्रेरणा भी देती है।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

Related Post

error: Content is protected !!