बीकानेर, 10 अप्रेल। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेड़कर की विचारधारा से जन सामान्य को अवगत एवं जागरूक करने के उद्देश्य से 11 से 14 अप्रेल तक राज्य, जिला एवं ब्लॉक स्तर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला कलेक्टर श्री निशान्त जैन ने विभिन्न अधिकारियों को इन कार्यक्रमों का नोडल अधिकारी नियुक्त करते हुए आवश्यक निर्देश दिए हैं।
आदेश अनुसार 11 अप्रेल को जिला स्तर पर महात्मा ज्योतिबा फुले की मूर्ति पर माल्यार्पण कर पुष्पाजंलि दी जाएगी। इस कार्यक्रम का आयोजन राजकीय महाविद्यालय स्तरीय आर्थिक पिछड़ा वर्ग के छात्रावास में किया जाएगा। इस कार्यक्रम के लिए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के ब्लॉक सामाजिक सुरक्षा अधिकारी पंचायत समिति, बीकानेर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
जिला कलेक्टर के आदेशानुसार 12 अप्रैल को जिला एवं ब्लॉक स्तर पर संविधान को जाने-ऑन लाइन क्विज प्रतियोगिता का शुभारंभ किया जाएगा। यह प्रतियोगिता 12 से 14 अप्रेल तक जिले के समस्त महाविद्यालयों व सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के छात्रावासों में आयोजित होगी। इस कार्यक्रम के लिए सहायक निदेशक, उच्च शिक्षा विभाग व जिले के समस्त ब्लॉक सामाजिक सुरक्षा अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
इसी प्रकार 13 अप्रैल को जिला व ब्लॉक स्तर पर स्वच्छता एवं सामाजिक समरसता, बाबा साहेब के सामाजिक न्याय दर्शन एवं उनके जीवन पर आधारित संगोष्ठी, बाबा साहेब के जीवनवृत पर व्याख्यान के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे एवं छात्रावासों/आवासीय विद्यालयों में बाबा साहेब पर आधारित चलचित्र प्रदर्शन के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के लिए सामाजिक न्याय अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक व समस्त ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों, सीओ स्काउट एवं गाइड तथा मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी को प्रभारी नियुक्त किया गया है।
इसी श्रृंखला में 14 अप्रैल को जिला एवं ब्लॉक स्तर पर डॉ. अम्बेड़कर जयंती के समारोह का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत जिला मुख्यालय के कार्यक्रम का आयोजन अम्बेड़कर सर्किल पर प्रातः 8 बजे किया जाएगा। कार्यक्रम में बाबा साहेब अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पाजंलि, संविधान प्रस्तावना का वाचन तथा संविधान की शपथ ली जाएगी। इस कार्यक्रम के लिए नगर निगम के आयुक्त, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुकत निदेशक एवं समस्त ब्लॉक सामाजिक सुरक्षा अधिकारियों तथा सीओ स्काउट एवं गाइड को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने जिले के समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों को इन कार्यक्रमों में सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।













