
बीकानेर, 16 मई। सीताराम गेट के अंदर सीताराम भवन में रविवार से 24 मई तक दोपहर साढे बारह बजे से सवा तीन बजे तक व शाम चार बजे से साढ़े छह बजे तक श्री रामकथा अमृतोत्सव होगा। कथा का वाचन विवेचन सुप्रसिद्ध कथावाचक पंडित पुरुषोतमजी व्यास ’’मीमांसक’’ करेंगे। श्रीराम कथा अमृतोत्सव का आयोजन श्रीमती पुष्पा देवी सोमानी धर्मपत्नी प्रभु भक्त, समाज सेवी स्वर्गीय सीताराम एवं समस्त सोमानी परिवार की ओर से करवाया जा रहा है।
आयोजन से जुड़े किशन बाबू सोमानी व गौरी शंकर सोमानी ने बताया कि संगीतमय कथा के प्रारंभ में रविवार को सुबह साढ़े दस बजे गाजे बाजे के साथ शोभायात्रा निकलेगी, जो सीताराम भवन के आस पास के क्षेत्रों से होते हुए वापिस आरंभिक स्थल पहुंचेगी। कथा दोपहर साढ़े बारह बजे अभिजीत मुर्हूत में शुरू होगी। संगीतमय कथा स्थल पर नियमित कथा के प्रसंगों के अनुसार सचेतन झांकियां प्रदर्शित की जाएगी व भक्ति गीत गाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि उनका परिवार जनहित व पुण्यार्थ अनेकबार भागवत कथा व अन्य सार्वजनिक धर्म चेतना के आयोजन करवा चुका है। पुरुषोत्तम माह में होने वाली कथा की तैयारियों को शनिवार को अंतिम रूप् दिया गया । कथा स्थल पर देवी देवताओं के मूर्तियां स्थापित की गई। श्रोताओं की सुविधा के लिए कूलर, पेयजल व अल्पाहार आदि की व्यवस्था रहेगी।
पंडित पुरुषोतमजी व्यास ’’मीमांसक’’ ने बताया कि पुरुषोतम माह में परमात्मा के प्रति समर्पित होकर अनन्य भाव से प्रभु भक्ति करके, परमात्मा को अपना तथा अपने को परमात्मा का मानकर जप,तप, साधना-आराधना व भक्ति करने से पापों का क्षय होता है तथा पुण्यों की प्राप्ति होकर मोक्ष का मार्ग मिलता है। अनेक हिन्दू धर्मग्रंथों में पुरुषोत्तम माह की महिमा का वर्णन मिलता है। उन्होंने कहा कि कथा के दौरान अध्यात्म रामायण, रामचरितमानस सहित देश में प्रचलित 108 रामायणों के प्रेरणादायक कुछ प्रसंगों का समावेश किया जाएगा।















