Bikaner Live

NIRDPR हैदराबाद में VB-GRAMG सोशल ऑडिट ट्रेनिंग, राजस्थान के 4 प्रतिनिधि बने मास्टर ट्रेनर


बीकानेर।

राष्ट्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज संस्थान (NIRDPR), हैदराबाद द्वारा 14 एवं 15 मई 2026 को आयोजित “VB-GRAMG अंतर्गत सोशल ऑडिट ओरिएंटेशन प्रशिक्षण कार्यक्रम” में राजस्थान से चयनित प्रतिनिधियों ने सहभागिता कर विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया। यह प्रशिक्षण केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा योजना में किए गए नवीन बदलावों एवं “VB-GRAMG” योजना की नई कार्यप्रणाली को प्रभावी रूप से राज्य स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में राजस्थान से राज्य संसाधन व्यक्ति (SRP) श्रीमती सोनिया साहू तथा डीआरपी नन्दलाल शर्मा (बीकानेर), साबिर खान (अलवर) एवं अखिलेश पारीक (दौसा) का चयन किया गया। चयनित प्रतिनिधियों को सोशल ऑडिट की नई प्रक्रियाओं, पारदर्शिता, जवाबदेही एवं मनरेगा योजना में हाल ही में लागू किए गए बदलावों के संबंध में विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य राज्य स्तर पर चुनिंदा प्रतिभागियों को “Master Trainer” के रूप में तैयार करना रहा, ताकि भविष्य में राजस्थान सोशल ऑडिट यूनिट के अन्य अधिकारियों एवं सदस्यों को प्रशिक्षण दिया जा सके। प्रशिक्षण के उपरांत चयनित प्रतिनिधि आगामी समय में राजस्थान में आयोजित होने वाले विभिन्न सोशल ऑडिट प्रशिक्षण कार्यक्रमों में मास्टर ट्रेनर की भूमिका निभाएंगे।

बीकानेर के डीआरपी नन्दलाल शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर के इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए अत्यंत गौरव एवं सौभाग्य का विषय है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास एवं सामाजिक अंकेक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषय पर राष्ट्रीय विशेषज्ञों से सीखने का अवसर उनके लिए प्रेरणादायक अनुभव रहा। उन्होंने इसे केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राज्य के प्रति विश्वास का प्रतीक बताया।

प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों के साथ संवाद, अनुभवों का आदान-प्रदान तथा योजनाओं की नई व्यवस्थाओं को समझने का अवसर मिला। प्रतिभागियों ने कहा कि यह प्रशिक्षण राजस्थान में सामाजिक अंकेक्षण प्रणाली को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

Related Post

error: Content is protected !!