Bikaner Live

क्षत्रिय सभा का सात दिवसीय निशुल्क आत्मरक्षा एवं साफा प्रशिक्षण शिविर 24 जून से

बीकानेर,  क्षत्रिय सभा एवं ट्रस्ट बीकानेर संभाग के तत्वावधान में युवाओं और महिलाओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करने तथा पारंपरिक राजस्थानी संस्कृति के संरक्षण के उद्देश्य से सात दिवसीय निशुल्क “आत्मरक्षा एवं साफा प्रशिक्षण शिविर” का आयोजन किया जाएगा। शिविर का आयोजन 24 जून से 30 जून 2026 तक स्थानीय बिदासर हाउस, तीर्थ स्तंभ परिसर में प्रतिदिन सायं 6:00 बजे से 7:30 बजे तक किया जाएगा।
शिविर के बैनर विमोचन कार्यक्रम के अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री देवी सिंह भाटी ने कहा कि प्राचीन भारतीय परंपरा में विद्यालयों, गुरुकुलों और शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों को शास्त्र ज्ञान के साथ-साथ शस्त्र विद्या का भी प्रशिक्षण दिया जाता था। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में स्वयं, परिवार और समाज की सुरक्षा के लिए आत्मरक्षा का प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक हो गया है। ऐसे प्रशिक्षण शिविर युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकते हैं।
क्षत्रिय सभा के अध्यक्ष करण प्रताप सिंह सिसोदिया ने बताया कि शिविर में महिलाओं, युवाओं एवं बालिकाओं को विशेष रूप से आत्मरक्षा के विभिन्न गुर सिखाए जाएंगे। साथ ही राजस्थान की गौरवशाली परंपरा के प्रतीक साफा बांधने की कला का भी प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ सके।
शिविर संयोजक प्रदीप सिंह चौहान ने जानकारी दी कि आत्मरक्षा प्रशिक्षण के लिए गुजरात से अनुभवी प्रशिक्षक श्रीमती सोनलबा अपनी टीम सहित बीकानेर आएंगी। उनके निर्देशन में प्रशिक्षणार्थियों को आत्मरक्षा की आधुनिक एवं प्रभावी तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शिविर पूर्णतः निशुल्क रहेगा तथा अधिक से अधिक युवाओं और महिलाओं से इसमें भाग लेने की अपील की गई है।
कार्यक्रम के दौरान मोहन सिंह नाल, महावीर सिंह पवार, अजीत सिंह भाटी, रणवीर सिंह नोखड़ा एवं नवीन सिंह तंवर ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए ऐसे आयोजनों को समय की आवश्यकता बताया और समाज के लोगों से शिविर का लाभ उठाने का आग्रह किया।
बैनर विमोचन समारोह में तेज सिंह मेलिया, विक्रम सिंह बीका, नंदू सिंह फौजी, जालम सिंह भाटी, अजय पाल सिंह शेखावत, बृजमोहन सिंह चौहान, अमर सिंह हाड़ला, गिरधारी सिंह खिंदासर, एडवोकेट गिरिराज सिंह भाटी, विशाल सिंह सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
सभा की ओर से बताया गया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य युवाओं में आत्मविश्वास का विकास करना, महिलाओं को आत्मरक्षा के लिए सक्षम बनाना तथा राजस्थानी संस्कृति और परंपराओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

http://

Related Post

error: Content is protected !!