नगर की प्रतिष्ठित लेखिका इंजी. आशा शर्मा ने बाल साहित्य के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। सूचना और प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत प्रकाशन विभाग के अनुभाग अधिकारी सुदेश कंसल द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार प्रकाशन विभाग द्वारा चयनित एवं प्रकाशित आशा के बाल कहानी संग्रह “बसंत का जादू” को गुजरात राज्य द्वारा बहुल मात्रा में खरीद के लिए चयनित किया गया है। इस पुस्तक की कहानियां बाल मनोविज्ञान के अनुरूप हैं तथा बालकों में विज्ञान के प्रति जिज्ञासा और रुचि पैदा करती हैं। यही कारण है कि इसे गुजरात राज्य द्वारा चयनित किया गया है।
प्राप्त सूचना के अनुसार पुस्तक के खरीद आदेश के प्रतिफल में आशा शर्मा को लगभग दो लाख साठ हजार की रॉयल्टी प्रदान की गई है। आशा शर्मा संभवतः बीकानेर शहर की पहली लेखिका हैं जिन्हें रॉयल्टी के रूप में इतनी बड़ी राशि का भुगतान हुआ है।
बाल साहित्य के क्षेत्र में आशा शर्मा एक चर्चित हस्ताक्षर है। हिंदी एवं राजस्थानी भाषा में इनकी आठ पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। आशा को बाल साहित्य लेखन के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान हेतु राजस्थान साहित्य अकादमी तथा बाल साहित्य अकादमी सहित देशभर की अनेक संस्थाओं द्वारा सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जा चुका है।
आशा शर्मा की पुस्तक के चयन से बीकानेर नगर के साहित्यकारों में हर्ष का वातावरण है।













