बीकानेर, 19 जून। RE-NEET 2026 परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर रेल मंडल ने विशेष अनारक्षित स्पेशल रेल सेवाओं के संचालन की घोषणा की है। इन विशेष ट्रेनों का उद्देश्य परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक सुगम, सुरक्षित एवं किफायती यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है।
रेलवे प्रशासन के अनुसार गाड़ी संख्या 09741 रेवाड़ी-भटिंडा अनारक्षित स्पेशल 20 जून 2026 को रेवाड़ी से रात 10:30 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन कोसली, झाड़ली, चरखी दादरी, भिवानी, हांसी, हिसार, मंडी आदमपुर, भट्टू, सिरसा, कालांवाली एवं रामां स्टेशनों पर ठहराव करते हुए प्रातः 6:50 बजे भटिंडा पहुंचेगी।
इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09742 भटिंडा-रेवाड़ी अनारक्षित स्पेशल 21 जून 2026 को भटिंडा से शाम 7:45 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन रामां, कालांवाली, सिरसा, भट्टू, मंडी आदमपुर, हिसार, हांसी, भिवानी, चरखी दादरी, झाड़ली और कोसली स्टेशनों पर ठहराव करते हुए रात्रि 3:20 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी।
इसके अलावा RE-NEET परीक्षा के अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए गाड़ी संख्या 04741 बीकानेर-ढेहर का बालाजी परीक्षा स्पेशल 20 जून 2026 को बीकानेर से रात 8:30 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 5:50 बजे ढेहर का बालाजी पहुंचेगी।
वहीं गाड़ी संख्या 04742 ढेहर का बालाजी-बीकानेर परीक्षा स्पेशल 21 जून 2026 को ढेहर का बालाजी से शाम 7:00 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 5:00 बजे बीकानेर पहुंचेगी।
यह विशेष रेलसेवा मार्ग में श्रीडूंगरगढ़, राजलदेसर, रतनगढ़, चूरू, सादुलपुर, लोहारू, सूरजगढ़, चिड़ावा, झुंझुनूं, नवलगढ़, सीकर, पलसाना, रींगस, गोविंदगढ़ मलिकपुर तथा चौमू सामोद सहित विभिन्न स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि RE-NEET 2026 परीक्षा को देखते हुए बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के आवागमन की संभावना है। ऐसे में विशेष अनारक्षित ट्रेनों के संचालन से परीक्षार्थियों को राहत मिलेगी तथा उन्हें परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में सुविधा होगी।













