
बीकानेर, 20 जून। सक्षम (समदृष्टि, क्षमता विकास एवं अनुसंधान मंडल) स्थापना दिवस के अवसर पर जिला इकाई बीकानेर द्वारा शनिवार को लायंस क्लब के सहयोग से बीकानेर में “ दिव्यांगजन मातृ पितृ वंदन एवं सम्मान समारोह” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 40 दिव्यांग प्रतिभाओं का सम्मान कर उन्हें समाज की मुख्यधारा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आईएएस अधिकारी मनु गर्ग एवं उनकी माताजी वंदना गर्ग रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजस्थान क्षेत्र के क्षेत्रीय कार्यवाह जसवंत खत्री ने की तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में सक्षम के प्रांत उपाध्यक्ष डॉ. नीरज शर्मा उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में वंदना गर्ग ने बताया कि किस प्रकार उन्होंने अपने पुत्र मनु गर्ग की अक्षमता को विशेष क्षमता में परिवर्तित करते हुए उन्हें भारतीय प्रशासनिक सेवा जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त करने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि दृढ़ संकल्प, परिवार के सहयोग और सकारात्मक सोच से किसी भी चुनौती को अवसर में बदला जा सकता है।
क्षेत्रीय कार्यवाह जसवंत खत्री ने कहा कि दिव्यांगता व्यक्ति की पहचान नहीं, बल्कि समाज की सोच का विषय है। उन्होंने समाज से दिव्यांगजनों की क्षमताओं को पहचानने एवं उन्हें उचित अवसर प्रदान करने का आह्वान किया। साथ ही सक्षम द्वारा किए जा रहे सेवा एवं जागरूकता कार्यों की सराहना की।
आईएएस मनु गर्ग ने अपने जीवन संघर्ष एवं सफलता के अनुभव साझा करते हुए कहा कि दिव्यांगता कभी भी सफलता की राह में बाधा नहीं बनती। उन्होंने उपस्थित दिव्यांग भाई-बहनों एवं उनके अभिभावकों को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने तथा अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. नीरज शर्मा ने सक्षम की कार्यप्रणाली एवं गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि संगठन द्वारा संचालित दिव्यांग सेवा केंद्र के माध्यम से दिव्यांग प्रमाण पत्र, परामर्श, पुनर्वास तथा अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सक्षम दिव्यांगजनों के सर्वांगीण विकास हेतु निरंतर कार्य कर रहा है।
समारोह में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन, उनके अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन दिव्यांग प्रतिभाओं के सम्मान एवं आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।














