बीकानेर, 21 जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर बीकानेर का करणी सिंह स्टेडियम योगमय हो गया। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के मुख्य आतिथ्य में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास में हजारों नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विद्यार्थियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
“करें योग, रहें निरोग” के उद्घोष से गूंजे स्टेडियम में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने योगाभ्यास का नेतृत्व किया। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली और भारतीय संस्कृति की पहचान है। नियमित योग से तन और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं। पहली बार बीकानेर में किसी केंद्रीय मंत्री की मौजूदगी में इतने बड़े स्तर पर योग दिवस मनाया गया, जिससे शहरवासियों में खासा उत्साह देखा गया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुमित गोदारा, विधायक जेठानंद व्यास, अंशुमान सिंह भाटी सहित जनप्रतिनिधि, जिला कलेक्टर निशांत जैन, आईजी ओमप्रकाश, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया समेत बड़ी संख्या में अधिकारी और आमजन मौजूद रहे। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में सभी ने ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया।
सम्पूर्ण स्टेडियम भगवा और सफेद की आभा से सराबोर रहा। विद्यार्थियों की टोलियां, एनसी कैडेट्स और आम नागरिकों ने अनुशासित तरीके से योग कर स्वस्थ भारत का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम के अंत में केंद्रीय मंत्री ने बीकानेरवासियों को नियमित योग अपनाने और इसे जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
बीकानेर प्रशासन और भाजपा जिला इकाई द्वारा आयोजित इस ऐतिहासिक योग कार्यक्रम ने शहर में स्वास्थ्य और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति नई जागरूकता पैदा की।






























