महेन्द्रपाल भंवरिया जिलाध्यक्ष, हेमेंद्र बाना जिला मंत्री निर्वाचित

जिला अध्यक्ष

बीकानेर, 22 जून। राजस्थान शिक्षक संघ (शेखावत) जिला शाखा बीकानेर का विशेष वार्षिक अधिवेशन सोमवार को पंचशती सर्किल स्थित लॉयंस क्लब में आयोजित किया गया। अधिवेशन में जिलेभर से पहुंचे सैकड़ों शिक्षकों ने भाग लेकर शिक्षक हितों से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा की तथा संगठन की नई जिला कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से निर्वाचन किया गया। अधिवेशन में महेन्द्रपाल भंवरिया को जिलाध्यक्ष तथा हेमेंद्र कुमार बाना को जिला मंत्री निर्वाचित किया गया।
अधिवेशन के प्रथम सत्र में शिक्षक कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों पर विस्तृत चर्चा की गई। तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण, पदोन्नति, टीईटी, पे-प्रोटेक्शन, संविदा कार्मिकों के नियमितीकरण तथा शिक्षकों को गैर शैक्षणिक कार्यों से मुक्त करने सहित अनेक मुद्दों पर प्रस्ताव पारित किए गए। साथ ही इन मांगों के संबंध में राज्य सरकार को ज्ञापन भेजने तथा मांगों का समाधान नहीं होने पर राज्यव्यापी आंदोलन करने का संकल्प लिया गया।
वरिष्ठ कर्मचारी नेता सोहनलाल गोदारा ने शिक्षा, शिक्षार्थी एवं शिक्षक हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया। उन्होंने सरकार से शिक्षकों को गैर शैक्षणिक कार्यों से मुक्त रखने की मांग भी रखी।
अध्यक्षीय उद्बोधन में शिक्षक नेता आदूराम मेघवाल ने तृतीय श्रेणी शिक्षकों के साथ हो रहे भेदभावपूर्ण व्यवहार की आलोचना करते हुए उनके स्थानांतरण शीघ्र शुरू करने की मांग की। शिक्षक नेता शिवशंकर गोदारा ने तृतीय श्रेणी शिक्षकों की लंबित पदोन्नतियों एवं नवक्रमोन्नत विद्यालयों में पद सृजन की आवश्यकता पर बल दिया।
पुरानी पेंशन बहाली राष्ट्रीय आंदोलन के प्रदेशाध्यक्ष के.आर. सियाग ने टीईटी को भूतलक्षी प्रभाव से लागू करने का विरोध करते हुए अनुभवी शिक्षकों को टीईटी की अनिवार्यता से मुक्त रखने की मांग की। वहीं वरिष्ठ शिक्षा नेता भंवरलाल पोटलिया ने सार्वजनिक शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने तथा शिक्षक हितों के लिए निरंतर संघर्ष करने का आह्वान किया।
अधिवेशन के द्वितीय सत्र में चुनाव अधिकारी बालाराम मेघवाल एवं पर्यवेक्षक सोहनलाल गोदारा की देखरेख में वर्ष 2026-27 की नई जिला कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया। इसमें महेन्द्रपाल भंवरिया को जिलाध्यक्ष, हेमेंद्र कुमार बाना को जिला मंत्री, राजेश तर्ड को सभाध्यक्ष, राजूराम सोलंकी को संघर्ष समिति संयोजक तथा गणेश चौधरी को कोषाध्यक्ष चुना गया। सोहनलाल गोदारा ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता आदूराम मेघवाल ने की तथा संचालन पांचू ब्लॉक अध्यक्ष रामनिवास गोदारा ने किया।
निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद अधिवेशन में शामिल सैकड़ों शिक्षकों ने जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में तृतीय श्रेणी अध्यापक संवर्ग के स्थानांतरण खोलने तथा टीईटी की अनिवार्यता से मुक्त रखने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। इसके अलावा शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल ने जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) माध्यमिक से मुलाकात कर शिक्षक वर्ग की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया तथा शीघ्र समाधान की मांग की।
अधिवेशन में भंवरलाल पोटलिया, सीताराम सिद्ध, सोहनलाल कूकना, हरिराम साहू, मोहम्मद हारून कुरैशी, जसविंदर सिंह, कानाराम मांझू, भरतराम सिद्धू, दानाराम डेलू, कैलाश चौधरी, लियाकत अली, जगदीश नाई, राजेश झुरिया, मांगीलाल सुथार, प्रदीप कुमार बिजारणियां, देवकिशन जाखड़, इलमुद्दीन खिलजी, रामकुमार बामणिया, मनोजकुमार शर्मा, महिपाल सिंह राठौड़, राजेंद्र घिंटाला, अरुण बारूपाल, कौशल्या चौधरी, उमा अग्रवाल, पुष्पा जांगिड़, सुनीता चौधरी, मीनाक्षी सांखला, सूरज कुमावत, विजय सिंह यादव, हेमलता गहलोत, संदीप कुमार शर्मा, सलीम मोहम्मद, मयंक स्वामी, रणजीत सिंह, राजेंद्र कूकना, प्रवीण शेखावत, प्रधानाचार्य मांगीलाल मुंड, गोपीराम विश्नोई, गायत्री राजपूत सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।
बीकानेर लाइव
🌐 www.bikanerlive.com
📱 WhatsApp: 9785522911
📘 Facebook: Bikanerlivenews
📸 Instagram: @bikaner_live
▶️ YouTube: @bikanerlivenews
Like | Follow | Subscribe















