Bikaner Live

सीमा पार ड्रोन से हथियार गिराने वाले तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश, तीन और आरोपी गिरफ्तार

हथियारों की खेप उठाने पहुंचे थे आरोपी

बीकानेर, 21 जुलाई। बीकानेर पुलिस ने भारत-पाकिस्तान सीमा के रास्ते ड्रोन के जरिए अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले संगठित नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार ये तीनों आरोपी मुख्य हैंडलर सुखविंदर सिंह उर्फ सोनू के सीधे संपर्क में थे और ड्रोन से गिराए गए हथियारों की खेप उठाकर आगे पहुंचाने का काम करते थे।

जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन तथा पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश के मार्गदर्शन में थाना खाजूवाला पुलिस द्वारा फरवरी 2026 में दर्ज हथियार तस्करी के मामले की गहन जांच की जा रही थी। इससे पहले इस मामले में मुख्य आरोपी सुखविंदर सिंह उर्फ सोनू को 9 मई 2026 को गिरफ्तार किया जा चुका है और वह न्यायिक अभिरक्षा में है।

हथियारों की खेप उठाने पहुंचे थे आरोपी

जांच के दौरान पुलिस ने पंजाब के जलालाबाद निवासी करण सिंह तथा अबोहर निवासी गुरकीरत सिंह को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी सीमा पार संचालित तस्करी सिंडिकेट के “फुट सोल्जर्स” के रूप में कार्य कर रहे थे। इनका काम ड्रोन से तय स्थान पर गिराए गए हथियारों के पैकेट को उठाकर नेटवर्क के अन्य सदस्यों तक सुरक्षित पहुंचाना था। इसके लिए उन्हें पहले से ही ड्रोन ड्रॉपिंग लोकेशन के सटीक निर्देशांक उपलब्ध कराए जाते थे।

जेल में हुई थी मुख्य आरोपी से पहचान

पुलिस जांच में पता चला कि करण सिंह की मुलाकात मुख्य आरोपी सुखविंदर सिंह उर्फ सोनू से फरीदकोट जेल में हुई थी, जबकि गुरकीरत सिंह का संपर्क घड़साना क्षेत्र में अपने ससुराल के माध्यम से स्थापित हुआ था। जांच के दौरान सोनू के रिश्तेदार अवतार सिंह की भूमिका भी सामने आई, जिसे प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस उसके अन्य संपर्कों और पूरे नेटवर्क में उसकी भूमिका की जांच कर रही है।

पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे

पुलिस के अनुसार करण सिंह के खिलाफ पंजाब में एनडीपीएस एक्ट के दो मामले पहले से दर्ज हैं, जिनमें ट्रामाडोल की बड़ी खेप बरामद हुई थी। वहीं गुरकीरत सिंह भी पहले ड्रोन ड्रॉपिंग की घटनाओं में शामिल रह चुका है, जिसके आपराधिक रिकॉर्ड का सत्यापन किया जा रहा है। अवतार सिंह के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट, चोरी तथा अन्य धाराओं में पहले से मामले दर्ज हैं।

तस्करी नेटवर्क को लगा बड़ा झटका

पुलिस का कहना है कि चार आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही सीमा पार संचालित हथियार तस्करी नेटवर्क का बड़ा हिस्सा उजागर हुआ है। इस कार्रवाई से संगठित तस्करी गिरोह को करारा झटका लगा है तथा देश की सुरक्षा और संप्रभुता के लिए खतरा बनने वाली गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगेगा। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों और उनके अंतरराष्ट्रीय संपर्कों की भी जांच कर रही है।

गिरफ्तार आरोपी

  • करण सिंह (27), निवासी सुखेरा बोदला, जिला फाजिल्का (पंजाब)
  • गुरकीरत सिंह (33), निवासी अबोहर, जिला फाजिल्का (पंजाब)
  • अवतार सिंह (28), निवासी घड़साना, जिला श्रीगंगानगर (राजस्थान)

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

Related Post

error: Content is protected !!