Bikaner Live

नापासर में बैंक ऑफ बड़ौदा की 57वीं शाखा का शुभारंभ, क्षेत्र के आर्थिक विकास को मिलेगी नई गति

महाप्रबंधक पंकज खत्री ने किया उद्घाटन, उद्योग, व्यापार, कृषि एवं आमजन को मिलेंगी आधुनिक बैंकिंग सेवाएं

नापासर, 22 जुलाई। बैंक ऑफ बड़ौदा ने अपने शाखा विस्तार अभियान को नई गति देते हुए नापासर में बीकानेर क्षेत्र की 57वीं शाखा का शुभारंभ किया। रीको औद्योगिक क्षेत्र स्थित इस नई शाखा का उद्घाटन बैंक ऑफ बड़ौदा, जोधपुर अंचल के महाप्रबंधक एवं अंचल प्रमुख श्री पंकज खत्री ने किया। समारोह में बीकानेर क्षेत्रीय प्रमुख श्री देवेंद्र सिंह राठौड़, उप क्षेत्रीय प्रमुख श्री लोकेश गर्ग, बैंक के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, उद्योगपति, व्यापारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि श्री पंकज खत्री ने कहा कि बैंक ऑफ बड़ौदा ग्राहकों की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक, सुरक्षित एवं डिजिटल बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि नापासर शाखा के संचालन से स्थानीय उद्योगों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, किसानों, उद्यमियों तथा आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण बैंकिंग सुविधाएं उनके निकट उपलब्ध होंगी। इससे क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी तथा स्थानीय विकास को भी उल्लेखनीय बल मिलेगा।

बीकानेर क्षेत्रीय प्रमुख श्री देवेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा कि बैंक ऑफ बड़ौदा का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक तक सुलभ, विश्वसनीय एवं ग्राहक-केंद्रित बैंकिंग सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई शाखा वित्तीय समावेशन को सशक्त बनाने के साथ-साथ उद्योग, व्यापार, कृषि एवं स्वरोजगार से जुड़े लोगों की वित्तीय आवश्यकताओं को प्रभावी ढंग से पूरा करेगी।

शाखा प्रमुख श्री हमिंदर टाक ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए बैंक द्वारा उपलब्ध कराई जा रही आधुनिक बैंकिंग एवं डिजिटल सेवाओं की जानकारी दी तथा समारोह में पधारे सभी अतिथियों एवं नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

उद्घाटन समारोह में सीएम मुंधड़ा मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट के ट्रस्टी श्रीकिशन मुंधड़ा, नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी अल्का बुरडक, रीको अध्यक्ष किशनलाल मोहता सहित अनेक उद्योगपति, व्यापारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा बैंक के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

http://

Related Post

error: Content is protected !!