
बीकानेर। बीकानेर के प्रतिभाशाली निशानेबाज रवि व्यास पारीक ने देहरादून में आयोजित जसपाल राणा मेमोरियल ऑल इंडिया शूटिंग चैंपियनशिप-2026 में 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने एक बार फिर बीकानेर और राजस्थान का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।
रवि व्यास पारीक पिछले कुछ समय से लगातार राष्ट्रीय स्तर की शूटिंग प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। हाल ही में नई दिल्ली स्थित डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित 24वीं कुमार सुरेन्द्र सिंह मेमोरियल शूटिंग चैंपियनशिप के 10 मीटर एयर पिस्टल सीनियर मास्टर वर्ग में भी उन्होंने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था।
इसके अलावा अहमदाबाद में आयोजित 50 मीटर पिस्टल प्रतियोगिता में उन्होंने कांस्य पदक हासिल किया था। लगातार राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर रवि ने साबित कर दिया है कि वे देश के उभरते हुए निशानेबाजों में अपनी मजबूत पहचान बना चुके हैं।
सेवानिवृत्ति के बाद पूरी लगन और अनुशासन के साथ शूटिंग खेल को समर्पित रवि व्यास पारीक की मेहनत अब लगातार सफलता में बदल रही है। उनकी इस उपलब्धि से बीकानेर के खेल जगत में हर्ष का माहौल है। खेल प्रेमियों, साथी खिलाड़ियों, मित्रों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने की शुभकामनाएं दी हैं।
उल्लेखनीय है कि जसपाल राणा मेमोरियल ऑल इंडिया शूटिंग चैंपियनशिप देश की प्रतिष्ठित शूटिंग प्रतियोगिताओं में से एक मानी जाती है, जिसमें देशभर के अनुभवी और उभरते हुए निशानेबाज हिस्सा लेते हैं। ऐसे प्रतिष्ठित मंच पर बीकानेर के खिलाड़ी द्वारा स्वर्ण पदक जीतना न केवल शहर बल्कि पूरे राजस्थान के लिए गर्व का विषय है।









