29 जुलाई 2026 बीकानेर। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार की जिला शाखा गायत्री शक्तिपीठ पुरानी गिन्नानी बीकानेर सहित सर्वोदय बस्ती शक्तिपीठ, सावित्री ज्ञान सरिता केन्द्र लूनकरनसर एवं प्रज्ञापीठ संस्थान किलचु में गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा भक्ति व अध्यात्म के त्रिसंगम के साथ मनाया गया।
गायत्री परिवार ट्रस्टी व मीडिया प्रभारी देवेन्द्र सारस्वत ने बताया कि गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर ब्रह्म मुहूर्त से ही श्रद्धालुओं का गायत्री शक्तिपीठ पर आना प्रारंभ हो गया जो देर शाम तक जारी रहा। देवालय प्रबंधन समिति संयोजक प्रवीण तंवर ने बताया कि गुरु पूर्णिमा अवसर पर गायत्री परिवार संस्थापक एवं राष्ट्रीय संत पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य गुरुदेव व गायत्री माता मूर्त का विशेष श्रंगार किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार से षोडशोचार पूजन अर्चना कर महाआरती गई। गायत्री मंत्र अखंड जप साधना का परायण किया गया।
यज्ञाचार्य पवन कुमार ओझा, डाॅ उमाकांत गुप्त तथा करनीदान चौधरी के नेतृत्व में तीन कुण्डीय गायत्री महायज्ञ में श्रद्धालुओं द्वारा गायत्री मंत्र, महामृत्युंजय मंत्र तथा गुरु गायत्री की विशेष आहुतियां दी गई। यज्ञाग्नि की साक्ष्य में गुरु दीक्षा, यज्ञोपवीत, पुंसवन तथा विद्यारंभ संस्कार निःशुल्क करवाये गये।
भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा जिला संयोजक सतीश तंवर ने बताया कि इस अवसर पर श्रद्धालुओं द्वारा गुरु वंदना कर व्यसन मुक्ति, समाज सुधार और युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने के संकल्प लिये गये।
प्रज्ञा संस्थान किलचु में पर्यावरण संवर्धन अभियान के तहत तरु मित्र प्रभारी पंकज गोयल द्वारा दो सौ पौधे रोपण हेतु गांववासियों को वितरित किए गये। वहीं शिवबाड़ी मंदिर क्षेत्र में युगनिर्माण योजना व प्रज्ञा अभियान साहित्य का ज्ञानरथ प्रभारी अविनाश गोयल द्वारा सफल संचालन किया गया। सावित्री ज्ञान सरिता केन्द्र में पंच कुण्डीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया गया। यज्ञाचार्य जगजीत सिंह व हनुमान सिंह के नेतृत्व में श्रद्धालुओं द्वारा विश्व कल्याण के लिए गुरु गायत्री की विशेष आहुतियां दिलाई गई। जिला समन्वयक मुकेश व्यास द्वारा गुरु महिमा का वर्णन किया गया। वहीं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लूनकरनसर में जागृति आंदोलन प्रभारी डाॅ सोनाली सक्सेना द्वारा छात्र छात्राओं को गुरु पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डाला गया। समय प्रबंधन, तनाव प्रबंधन व उद्देश्य प्राप्ति के गुर बतलाये।
गुरु पूर्णिमा महोत्सव में भारत भूषण गुप्ता, हरिसिंह गौड़, राजकुमार गोगिया, हड़मान सिंह, मुकेश व्यास, डाॅ सोनाली सक्सेना, कौशल सिंह शेखावत, ओमा भाटी, मधु कस्वां, माया औझा, शशांक गंगल तथा अजय मिश्रा ने सहयोग प्रदान किया।




















