Bikaner Live

सूने मकान से 477 ग्राम सोना, 700 ग्राम चांदी और ₹40 हजार नकद चोरी

पीड़ित बुजुर्ग महिला ने एसपी से लगाई गुहार, देशनोक थानाधिकारी को जांच तेज करने के निर्देश

बीकानेर/देशनोक, 22 सितंबर। देशनोक कस्बे के वार्ड नंबर 21 स्थित सोनारों का बास में चोरों ने एक बुजुर्ग महिला के सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के पुश्तैनी आभूषण और नकदी चोरी कर ली। घटना के कई दिन बाद भी सामान बरामद नहीं होने से पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों में रोष है।

पीड़िता 75 वर्षीय कमला देवी पत्नी पूनमचंद सोनी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह 13 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे अपने खेत गई थीं। शाम को घर लौटने पर मकान के अंदर के दरवाजे खुले मिले। आरोप है कि अज्ञात चोरों ने अलमारी में रखी चाबी से तिजोरी खोली और उसमें रखे आभूषण एवं नकदी लेकर फरार हो गए।

परिवार के अनुसार चोरी हुए सामान में दो रखड़ी, टीका, कान की जोड़ी, नेकलेस, मुठिया, पाटला, चेन-लॉकेट, अंगूठी, चंद्रहार, मटरिया, कंठोड़ा और हार सहित करीब 477 ग्राम सोने के आभूषण, लगभग 700 ग्राम पुरानी चांदी एवं पायल तथा 40 हजार रुपये नकद शामिल हैं।

घटना को लेकर देशनोक पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया गया है। पुलिस मामले की जांच करते हुए अज्ञात चोरों की तलाश कर रही है। हालांकि कई दिन बीतने के बाद भी आभूषण और नकदी बरामद नहीं होने से परिजनों ने नाराजगी जताई है।

मामले में अखिल भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार समिति के सदस्य द्वारकाप्रसाद सोनी ने पीड़ित बुजुर्ग महिला के साथ जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने विशेष टीम गठित कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और चोरी हुए आभूषण एवं नकदी बरामद करवाने की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया कि चोरी हुए आभूषण बुजुर्ग महिला की जीवनभर की पूंजी हैं, इसलिए मामले में तत्काल और प्रभावी कार्रवाई की जाए। इस पर पुलिस अधीक्षक ने देशनोक थानाधिकारी को जांच तेज करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

http://

Related Post

श्याम सलोने सांवरे, बर्बरीक तनुधार, इच्छा पूर्ण करो न लगाओ बार
जलझूलनी (परिवर्तिनी) एकादशी पर खाटू श्याम मंदिर में दिल्ली से आए फूलों से हुआ बाबा का भव्य श्रृंगार, दिनभर उमड़े श्रद्धालु

Read More »
error: Content is protected !!