
गजनेर थाना क्षेत्र के सुरजड़ा गांव की घटना, आरोपी ने युवक को भी डंपर से कुचलने का किया प्रयास; वारदात में प्रयुक्त वाहन जब्त
बीकानेर, 22 सितंबर। गजनेर थाना क्षेत्र के सुरजड़ा गांव में बकरियों को लेकर हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति की डंपर से कुचलकर हत्या करने और दो अन्य लोगों की जान लेने का प्रयास करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को घटना के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त डंपर भी जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार सुरजड़ा निवासी जेठाराम पुत्र पूनमाराम मेघवाल ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 20 सितंबर की दोपहर उसकी 15-16 बकरियां खेत के बाहर चर रही थीं। आरोप है कि पड़ोसी गांव डेह निवासी बाबूलाल नायक बकरियों को रोककर ले जा रहा था। जेठाराम के पिता पूनमाराम और खेत मालिक सुरेंद्र कुमार ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और मौके से भाग गया।
चारपाई पर सो रहे माता-पिता पर चढ़ाया डंपर
पुलिस के मुताबिक इसी रंजिश में 21 सितंबर को सुबह करीब पांच बजे आरोपी बाबूलाल डंपर लेकर किशनायत की रोही स्थित खेत में बनी ढाणी पहुंचा। आरोप है कि उसने ढाणी के आगे चारपाई पर सो रहे पूनमाराम और उनकी पत्नी पूनम देवी पर डंपर चढ़ा दिया।
घटना में पूनमाराम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पूनम देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिला को बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
मोटरसाइकिल को 250 मीटर तक घसीटा
आरोपी ने ढाणी के आगे खड़ी मोटरसाइकिल को भी टक्कर मार दी। मोटरसाइकिल डंपर के चेसिस में फंस गई और करीब 250 मीटर तक घिसटती चली गई। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
रिपोर्ट में बताया गया कि जब जेठाराम अपनी घायल मां के इलाज के लिए वाहन लेने राष्ट्रीय राजमार्ग-11 पर पहुंचा तो आरोपी ने वापस आकर उसे भी डंपर से कुचलने का प्रयास किया। जेठाराम ने कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन उसकी मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई।
सैकड़ों CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले
मामले की गंभीरता को देखते हुए बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश, पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बनवारीलाल मीणा के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। कोलायत वृत्ताधिकारी जयपाल सिंह के सुपरविजन में गजनेर थानाधिकारी ओमप्रकाश सुथार की टीम ने जांच शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर एफएसएल और एमओबी टीम से साक्ष्य जुटाए। आसपास लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ ही मुखबिरों और तकनीकी साधनों की मदद ली गई।
लगातार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस को चकमा देने का प्रयास कर रहे आरोपी बाबूलाल पुत्र फताराम उर्फ किसनाराम नायक (27), निवासी डेह, पुलिस थाना कोलायत को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। गजनेर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।











