बीकानेर, 22 सितम्बर। जैन श्वेताम्बर खरतरगच्छ संघ की साध्वीवंृद के सान्निध्य में 25 सितम्बर को उदयरामसर दादाबाड़ी में भक्ति संगीत संध्या तथा 26 सितम्बर को मेला भरेगा। मेले के दौरान दादाबाड़ी में गुरु इकतिसा का पाठ, भक्ति संगीत के साथ बड़ी पूजा व प्रसाद का आयोजन होगा। मेले में साधुमार्गी जैन संघ, तेरापंथ, खरतरगच्छ, तपागच्छ, पार्श्वचन्द्र गच्छ, शांतक्रांत संघ तथा दिगम्बर जैन समाज के श्रद्धालु शामिल होंगे।
श्री चिंतामणि जैन मंदिर प्रन्यास के अध्यक्ष हरीश नाहटा ने बताया 26 सितम्बर को पैदल व ऊंट गाड़ों तथा विभिन्न वाहनों से श्रद्धालु दादाबाड़ी पहुंचेंगे। वे दादा गुरुदेव के साथ जैन धर्म के 17 वें तीर्थंकर भगवान कुन्थुनाथजी के मंदिर में दर्शन वंदन करेंगे। मेले में पहुंचने वाले सभी जैन समुदाय की श्रावक-श्राविकाओं के लिए पेयजल, छाया, विश्राम व प्रसाद की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने बताया कि 26 सितम्बर को सुबह साढ़े नौ बजे से गोगागेट के बाहर कोचरों की दादाबाड़ी के पास से विशेष बसों का संचालन किया जाएगा। भक्ति संगीत संध्या में देश के नामी कलाकार भजनों की प्रस्तुतियां देंगे।












