बीकानेर, 02 अगस्त 2026:
राजकीय डूंगर महाविद्यालय, बीकानेर में रविवार को प्राचार्य डॉ. राजेंद्र पुरोहित के निर्देशन में “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान भारत के माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अभिभाषण का सीधा प्रसारण विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों एवं एन.एस.एस. स्वयंसेवकों द्वारा देखा व सुना गया।
प्रधानमंत्री का राष्ट्र के नाम संदेश
अपने संबोधन में माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश भर के अभिभावकों और विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे आपस में खुलकर संवाद करें और युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार ‘ड्रग माफिया’ के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है और इसे जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री ने सभी राज्य सरकारों से भी अपील की कि वे नशीली दवाओं के नेटवर्क और ड्रग माफिया के खिलाफ एकजुट होकर कड़े कदम उठाएं।
इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में उपस्थित सभी आचार्यों, अधिकारियों एवं विद्यार्थियों ने नशामुक्ति की सामूहिक शपथ ग्रहण की। कार्यक्रम में ‘नई किरण नशा मुक्ति केंद्र’ के समन्वयक डॉ. महेंद्र थोरी की देखरेख में संपूर्ण आयोजन को सुचारू रूप से संचालित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान एन.एस.एस. अधिकारी डॉ. प्रकाश गर्ग, डॉ. रविकांत व्यास, डॉ. पूजा कस्वां एवं महाविद्यालय के वरिष्ठ आचार्य डॉ. विक्रमजीत, डॉ. देवेश सहारण, डॉ. सुरेश वर्मा, डॉ. शशिकांत आचार्य, डॉ. ललित कुमार वर्मा, डॉ. एस. एस. कुड़ी सहित महाविद्यालय के अन्य वरिष्ठ संकाय सदस्य एवं बड़ी संख्या में NSS एवं NCC के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन “नशामुक्त युवा ही स्वस्थ समाज, सशक्त राजस्थान और विकसित भारत की सबसे मजबूत नींव है” के संकल्प एवं प्रमाण-पत्र वितरण के साथ संपन्न हुआ।
















