बीकानेर पुलिस का बड़ा प्रहार: ड्रोन से भेजी गई 50 करोड़ की हेरोइन, 11 विदेशी पिस्टल और 100 कारतूस बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार।

बीकानेर। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से संचालित नार्को-आर्म्स सिंडिकेट पर बीकानेर पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने ऑपरेशन SHOCKWAVE के तहत सीमा पार से ड्रोन के जरिए भेजी गई करीब 50 करोड़ रुपये मूल्य की 10 किलो 999 ग्राम अफगान हेरोइन, 11 विदेशी पिस्टल, 22 मैगजीन और 100 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच जारी है।
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज के निर्देशन तथा जिला पुलिस अधीक्षक बीकानेर के सुपरविजन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, सीओ खाजूवाला, थाना खाजूवाला पुलिस और डीएसटी टीम द्वारा संयुक्त रूप से की गई। पुलिस को मुखबिर और तकनीकी सूचना मिली थी कि सीमा पार से ड्रोन के जरिए बड़ी खेप भेजी गई है, जिसे पंजाब पहुंचाया जाना था। सूचना के आधार पर पुलिस ने खाजूवाला क्षेत्र में घेराबंदी कर खेप को इंटरसेप्ट कर लिया।
पुलिस के अनुसार, बरामद खेप में 10 किलो 999 ग्राम अफगान हेरोइन, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 50 करोड़ रुपये आंकी गई है, के अलावा 11 अत्याधुनिक विदेशी हथियार भी शामिल हैं। इनमें 2 तुर्की निर्मित जिगाना पिस्टल, 4 ग्लॉक पिस्टल तथा 5 स्टार मार्क .30 बोर पिस्टल शामिल हैं। इसके साथ ही 22 मैगजीन और 100 जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए हैं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पाली जिले के जैतारण निवासी वीरेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस ने उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी के विरुद्ध राजस्थान सहित अन्य राज्यों में पहले से भी चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई सीमा पार से संचालित नार्को-आर्म्स सिंडिकेट के लिए बड़ा झटका है। स्वतंत्रता दिवस से पहले की गई इस कार्रवाई से देश विरोधी तत्वों की बड़ी साजिश नाकाम हुई है। बीकानेर पुलिस का कहना है कि ड्रोन के माध्यम से होने वाली तस्करी पर उसकी कड़ी नजर है और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
















