Bikaner Live

इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर में आईपीएल की तर्ज पर होगा ईसीबी-ईपीएल, 155 खिलाड़ियों की नीलामी से बनीं छह टीमें


10 से 14 अगस्त तक सजेगा क्रिकेट का महाकुंभ, कुलगुरु ने किया ट्रॉफी का अनावरण, सभी मुकाबलों का होगा यूट्यूब पर सीधा प्रसारण

प्रत्येक टीम को मिले 1,25,000 अंक, आधुनिक डिजिटल प्रणाली से हुई खिलाड़ियों की नीलामी, तकनीक और खेल का दिखा अनूठा संगम

इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर (ईसीबी) में 10 से 14 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाली इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर प्रीमियर लीग (ईसीबी-ईपीएल) क्रिकेट प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ सोमवार को खिलाड़ियों की नीलामी एवं ट्रॉफी अनावरण समारोह के साथ हुआ। भारतीय प्रीमियर लीग (आईपीएल) की तर्ज पर आयोजित इस प्रतियोगिता में इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर (ईसीबी) तथा यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (यूसीईटी) के कुल 155 खिलाड़ियों ने भाग लिया।

प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों की डिजिटल नीलामी के माध्यम से छह टीमों का गठन किया गया। प्रतियोगिता के सभी मुकाबलों का यूट्यूब पर सीधा प्रसारण भी किया जाएगा, जिससे विद्यार्थी, अभिभावक, पूर्व छात्र एवं खेल प्रेमी देश-विदेश से भी प्रतियोगिता का आनंद ले सकेंगे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. अखिल रंजन गर्ग ने प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण करते हुए कहा कि शिक्षा और खेल दोनों विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व निर्माण के दो महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, निर्णय लेने की योग्यता, आत्मविश्वास तथा चुनौतियों का सामना करने की क्षमता का विकास करते हैं। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर द्वारा आईपीएल की तर्ज पर आयोजित यह प्रतियोगिता न केवल विद्यार्थियों को उत्कृष्ट खेल मंच उपलब्ध कराएगी, बल्कि उन्हें टीम प्रबंधन, नेतृत्व, रणनीति निर्माण तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान करेगी। उन्होंने इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन तकनीकी शिक्षा संस्थानों में खेल संस्कृति को नई दिशा देंगे।

आयोजन संयोजक एवं खेल विभागाध्यक्ष डॉ. नवीन शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए दोनों संस्थानों के कुल 155 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया। प्रत्येक टीम को खिलाड़ियों के चयन हेतु 1,25,000 अंक उपलब्ध कराए गए तथा इन्हीं अंकों की सीमा के भीतर टीम ओनर्स एवं कप्तानों ने अपनी रणनीति के अनुसार अधिकतम 15 खिलाड़ियों का चयन किया। उन्होंने बताया कि ईसीबी-ईपीएल का उद्देश्य केवल क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, प्रबंधन कौशल, रणनीतिक सोच, टीम भावना, अनुशासन एवं आपसी समन्वय जैसे गुणों का विकास करना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में ईसीबी-ईपीएल संस्थान की एक विशिष्ट पहचान बनकर प्रदेश के प्रमुख महाविद्यालयीन खेल आयोजनों में अपना स्थान स्थापित करेगा।

*आधुनिक डिजिटल प्रणाली से हुई खिलाड़ियों की नीलामी*

कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता खिलाड़ियों की पूर्णतः डिजिटल नीलामी प्रक्रिया रही। इसका संचालन इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर के कंप्यूटर साइंस विभाग के छात्र पंकज कुमावत द्वारा विकसित विशेष वेब आधारित प्रणाली के माध्यम से किया गया। इस प्रणाली पर प्रत्येक खिलाड़ी का नाम, उसकी खेल विशेषज्ञता, उपलब्ध अंक तथा टीमों द्वारा लगाए गए अंक वास्तविक समय में प्रदर्शित हो रहे थे। इससे पूरी चयन प्रक्रिया अत्यंत पारदर्शी, व्यवस्थित, आकर्षक एवं तकनीकी दृष्टि से प्रभावशाली रही। उपस्थित सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने इस नवाचार की सराहना की।

*ये रहेंगी छह टीमें*

मैवरिक रेनेगेड्स — टीम ओनर्स : डॉ. प्रतिभा चौधरी एवं डॉ. सुनीता चौधरी | कप्तान : धनंजय राजपूत।

नाइट हॉक्स — टीम ओनर्स : डॉ. अवधेश व्यास एवं श्री मनोज चौधरी | कप्तान : वंश शर्मा।

सुपरनोवा टाइटंस — टीम ओनर्स : डॉ. नवीन शर्मा एवं श्री रोहित शर्मा (धोनी) | कप्तान : पंकज कुमावत।

फीनिक्स स्ट्राइकर्स — टीम ओनर : डॉ. इन्दु भूरिया | कप्तान : शुभम कुमावत।

थंडर सिक्सर्स — टीम ओनर्स : डॉ. देवेन्द्र गहलोत एवं डॉ. मोहम्मद यूनुस शेख | कप्तान : रिंकू वेद।

डेजर्ट स्कॉर्चर्स — टीम ओनर्स : डॉ. राकेश पूनिया एवं डॉ. विजय मोहन व्यास | कप्तान : शिवम तिवारी।

*यूट्यूब पर होगा सीधा प्रसारण*

प्रतियोगिता के सभी मुकाबलों का यूट्यूब के माध्यम से सीधा प्रसारण किया जाएगा। साथ ही प्रत्येक मैच के प्रमुख क्षण, खिलाड़ियों के प्रदर्शन, दैनिक परिणाम तथा प्रतियोगिता से संबंधित गतिविधियों का नियमित प्रचार-प्रसार महाविद्यालय की वेबसाइट एवं विभिन्न सामाजिक माध्यमों पर भी किया जाएगा, जिससे अधिकाधिक विद्यार्थी एवं खेल प्रेमी इस आयोजन से जुड़ सकें।

*ये रहे कार्यक्रम में उपस्थित*

कार्यक्रम में बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. अखिल रंजन गर्ग, रजिस्ट्रार डॉ. अमित सोनी, खेल विभागाध्यक्ष एवं आयोजन संयोजक डॉ. नवीन शर्मा, डॉ. प्रतिभा चौधरी, डॉ. इन्दु भूरिया, डॉ. सुनीता चौधरी, डॉ. देवेन्द्र गहलोत, डॉ. मोहम्मद यूनुस शेख, डॉ. राकेश पूनिया, डॉ. विजय मोहन व्यास, डॉ. अवधेश व्यास, श्री मनोज चौधरी, श्री मनीष व्यास, श्री रोहित शर्मा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। आयोजन की तकनीकी एवं डिजिटल व्यवस्थाओं में पंकज कुमावत, चमन यादव, शिवम तथा कानु सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

10 से 14 अगस्त तक आयोजित होने वाली यह प्रतियोगिता खेल, तकनीक, नेतृत्व और प्रबंधन के समन्वय का एक अनूठा उदाहरण प्रस्तुत करेगी तथा इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर में खेल संस्कृति को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

http://

Related Post

बीकानेर मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल ने सुप्रसिद्ध गोगामेडी मेले में व्यवस्थाओं को लेकर रेल अधिकारियों के साथ की उच्चस्तरीय बैठक, श्रद्धालुओं की सुविधा को दी सर्वोच्च प्राथमिकता

Read More »
error: Content is protected !!