





बच्चियों का कम हीमोग्लोबिन खतरे की घंटी, रोटरी रॉयल्स के शिविर में सामने आए चौंकाने वाले तथ्य
बीकानेर। किशोरियों में लगातार सामने आ रही एनीमिया की समस्या को देखते हुए रोटरी क्लब ऑफ बीकानेर रॉयल्स ने सोमवार को राजकीय महारानी विद्यालय में एनीमिया जांच एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया। शिविर में 100 से अधिक छात्राओं की हीमोग्लोबिन जांच की गई और उन्हें स्वास्थ्य परामर्श दिया गया। अभियान के संयोजक एवं क्लब के निवर्तमान अध्यक्ष सुनील चमड़िया ने बताया कि क्लब द्वारा पूर्व में आयोजित ऐसे ही स्वास्थ्य शिविरों में कई छात्राओं का हीमोग्लोबिन स्तर 6 से 7 ग्राम प्रति डेसीलीटर तक मिला है, जो सामान्य स्तर से काफी कम है। उन्होंने कहा कि समय पर जांच, संतुलित आहार, योग और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श से इस स्थिति में सुधार संभव है तथा किशोरियों में एनीमिया की रोकथाम के लिए नियमित जागरूकता अभियान चलाना जरूरी है।
जीवन रक्षा हॉस्पिटल की वरिष्ठ डेंटल सर्जन एवं स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. सुनीता पारीक ने कहा कि किशोरावस्था में आयरन की कमी के कारण एनीमिया तेजी से बढ़ रहा है। इससे थकान, चक्कर आना, पढ़ाई में एकाग्रता की कमी, रोग प्रतिरोधक क्षमता में गिरावट तथा भविष्य में मातृत्व संबंधी जटिलताओं का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने छात्राओं को आयरन युक्त भोजन, हरी पत्तेदार सब्जियां, दालें, गुड़, अंकुरित अनाज, मौसमी फल तथा विटामिन-सी युक्त खाद्य पदार्थ नियमित रूप से लेने की सलाह दी। साथ ही मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता, नियमित स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय सलाह लेने पर भी जोर दिया। छात्राओं ने स्वास्थ्य संबंधी प्रश्न पूछे, जिनका डॉ. पारीक ने सरल भाषा में समाधान किया।
शिविर का संचालन डॉ. शिशिर शर्मा, डॉ. राकेश माथुर एवं विनोद माली के समन्वय में हुआ। इस दौरान छात्राओं की एनीमिया जांच के साथ उन्हें संतुलित पोषण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में रोटे राजेश खत्री, रोटे सुरेंद्र जोशी एवं रोटे विनय बिस्सा भी उपस्थित रहे।
विद्यालय की प्राचार्या शिखा एरन ने कहा कि किशोरियों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए इस प्रकार के शिविर समय की आवश्यकता हैं। उन्होंने रोटरी क्लब के इस प्रयास की सराहना करते हुए विद्यालय परिवार की ओर से सहयोग का भरोसा दिलाया।
क्लब अध्यक्ष विपिन लढ्ढा ने कहा कि रोटरी का उद्देश्य केवल स्वास्थ्य शिविर आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज में स्थायी बदलाव लाना है। किशोरियों में एनीमिया की रोकथाम स्वस्थ समाज और सशक्त भविष्य से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और सही पोषण से अधिकांश मामलों में हीमोग्लोबिन स्तर को सामान्य किया जा सकता है। रोटरी क्लब भविष्य में भी स्वास्थ्य, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण से जुड़े सेवा प्रकल्पों का संचालन करता रहेगा। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रशासन, चिकित्सा दल एवं सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।












