
बीकानेर। शहर के जस्सूसर गेट के बाहर स्थित श्री दुर्गा माता मंदिर के पीछे बने मोहता गार्डन में प्रतिदिन प्रातःकाल निशुल्क योग, प्राणायाम, ध्यान एवं डाइटेशन क्लास का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य आमजन को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना और नियमित योगाभ्यास के प्रति जागरूक करना है।
मंदिर प्रबंधक रिटार्ड केप्टन भीयाराम चौधरी ने बताया कि श्री दुर्गा माता मंदिर फाउंडेशन के संस्थापक प्रकाश कुमार मोहता के मार्गदर्शन में मोहता गार्डन में यह निशुल्क योग शिविर लगातार संचालित किया जा रहा है। यहां प्रतिदिन सुबह बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, युवा एवं वरिष्ठ नागरिक योगाभ्यास के लिए पहुंच रहे हैं और स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि योग प्रशिक्षण का संचालन अनुभवी योग प्रशिक्षिका अनीता गौड़ द्वारा किया जा रहा है। अनीता गौड़ इससे पहले राजस्थान के विभिन्न जिलों में योग प्रशिक्षण देकर हजारों लोगों को योग, प्राणायाम और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक कर चुकी हैं। अब वे मोहता गार्डन में नियमित रूप से लोगों को योग की बारीकियां सिखा रही हैं।
योग प्रशिक्षिका अनीता गौड़ ने बताया कि प्रतिदिन सुबह 6:20 बजे से 7:20 बजे तक योग, प्राणायाम, ध्यान एवं डाइटेशन क्लास आयोजित की जाती है। क्लास में शारीरिक व्यायाम के साथ-साथ मानसिक तनाव को दूर करने, शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने तथा संतुलित आहार से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए जाते हैं।
उन्होंने कहा कि नियमित योग करने से व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहता है तथा अनेक बीमारियों से बचाव संभव होता है। यही कारण है कि प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में लोग इस निशुल्क योग शिविर में भाग लेकर इसका लाभ उठा रहे हैं।
श्री दुर्गा माता मंदिर प्रबंधन ने शहरवासियों से अपील की है कि अधिक से अधिक लोग इस निशुल्क योग एवं डाइटेशन क्लास से जुड़ें और अपने परिवार के साथ स्वस्थ जीवन की दिशा में एक सकारात्मक कदम बढ़ाएं। इच्छुक नागरिक प्रतिदिन सुबह 6:20 से 7:20 बजे तक श्री दुर्गा माता मंदिर के पीछे स्थित मोहता गार्डन पहुंचकर योग प्रशिक्षण का लाभ ले सकते हैं।














