Bikaner Live

नशे के खिलाफ बीकानेर रेंज पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई, करीब 200 करोड़ रुपए के मादक पदार्थ नष्ट

श्रीगंगानगर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बीकानेर रेंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 200 करोड़ रुपए मूल्य के मादक पदार्थों का नष्टीकरण किया। श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त किए गए मादक पदार्थों को न्यायालय से अनुमति और भौतिक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद राजियासर स्थित सीमेंट फैक्ट्री में जलाकर नष्ट किया गया।

यह कार्रवाई बीकानेर रेंज पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान श्रीगंगानगर पुलिस अधीक्षक हरीश कंकर, हनुमानगढ़ पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य सहित विभिन्न थानों के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

102 एनडीपीएस प्रकरणों में जब्त नशे का नष्टीकरण

पुलिस के अनुसार श्रीगंगानगर जिले के 10 मामलों में वाणिज्यिक मात्रा की 75 किलो 011 ग्राम हेरोइन नष्ट की गई। इसके अलावा वाणिज्यिक मात्रा से कम के 91 मामलों में जब्त स्मैक/हेरोइन 09 किलो 197 ग्राम, गांजा 03 किलो 092 ग्राम, पोस्त 672 किलो 642 ग्राम और 1690 नशीली गोलियों का भी नष्टीकरण किया गया।

वहीं हनुमानगढ़ जिले के एक वाणिज्यिक मात्रा के प्रकरण में जब्त 05 किलो 712 ग्राम एमडी को भी नष्ट किया गया। पुलिस के मुताबिक यह बीकानेर रेंज में अब तक किए गए सबसे बड़े मादक पदार्थ नष्टीकरण अभियानों में से एक है।

लगातार जारी रहेगा नशे के खिलाफ अभियान

बीकानेर रेंज पुलिस ने बताया कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। एनडीपीएस एक्ट के कुल 102 प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों का नष्टीकरण किया गया है। सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस टीमें लगातार निगरानी रखते हुए नशे की तस्करी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई कर रही हैं।

पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि वे नशे के खिलाफ खुलकर सामने आएं और नशे से जुड़ी किसी भी गतिविधि या व्यक्ति की जानकारी पुलिस को दें, ताकि नशे के नेटवर्क को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।

बीकानेर रेंज पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और तस्करों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

Related Post

error: Content is protected !!