




बीकानेर। आमजन की खोई हुई संपत्ति को सुरक्षित वापस दिलाने के लिए बीकानेर रेंज पुलिस की ओर से लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत बीकानेर रेंज साइबर एवं सोशल मीडिया सेल ने तकनीकी संसाधनों, जिला पुलिस के समन्वय और त्वरित कार्रवाई के जरिए बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस ने पिछले 3 दिन से लेकर 4 साल की अवधि के बीच गुम हुए करीब 200 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपए बताई गई है। बरामद किए गए मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को सुपुर्द कर दिए गए।
पुलिस की इस कार्रवाई से उन लोगों के चेहरे पर खुशी लौट आई, जिन्होंने लंबे समय पहले अपने मोबाइल फोन खो दिए थे। मोबाइल वापस मिलने पर धारकों ने पुलिस टीम की कार्रवाई की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
तकनीकी संसाधनों से तलाश कर लौटाए मोबाइल
बीकानेर रेंज पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश, आईपीएस के निर्देशन में आमजन की सहायता और उनकी खोई हुई संपत्ति को सुरक्षित वापस दिलाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बीकानेर रेंज साइबर एवं सोशल मीडिया सेल ने रेंज के जिला पुलिस बल के साथ समन्वय एवं तकनीकी सहायता से गुम हुए मोबाइल फोन की तलाश की।
पुलिस के अनुसार अलग-अलग समयावधि में गुम हुए मोबाइलों को तकनीकी माध्यमों से ट्रेस कर बरामद किया गया और उनकी पहचान के बाद वास्तविक धारकों को सौंप दिया गया।
पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में सौंपे मोबाइल
इस दौरान जिला पुलिस अधीक्षक बीकानेर मृदुल कच्छावा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पवन कुमार भदौरिया, सुखविंद्र पाल सिंह तथा पुलिस उप अधीक्षक प्रह्लाद राय सहित पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
मोबाइल फोन वापस मिलने पर धारकों के चेहरे पर खुशी की मुस्कान देखने को मिली। लोगों ने पुलिस की तत्परता और तकनीकी कार्रवाई की प्रशंसा करते हुए पुलिस टीम का आभार जताया।
इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
मोबाइल बरामदगी की कार्रवाई में रेंज कार्यालय बीकानेर के सहायक उप निरीक्षक विमलेश कुमार और कांस्टेबल बाबूलाल डूडी, बीकानेर जिला के कांस्टेबल गोविंद सिंह, श्रीगंगानगर जिला के कांस्टेबल विनोद कुमार, हनुमानगढ़ जिला की कांस्टेबल रानी तथा चूरू जिला के कांस्टेबल सुनील कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की आमजन से अपील
बीकानेर रेंज पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल फोन अथवा कोई अन्य सामान गुम होने पर तत्काल संबंधित पुलिस थाने में सूचना दें। पुलिस उपलब्ध तकनीकी संसाधनों और माध्यमों की मदद से गुमशुदा सामान की तलाश कर उसे वास्तविक धारक तक पहुंचाने का हरसंभव प्रयास करती है।
पुलिस का कहना है कि इस तरह की पहल से आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ता है और पुलिस-जन सहयोग मजबूत होता है।
नशे के खिलाफ भी पुलिस का संदेश
प्रेस नोट में पुलिस ने नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश भी जारी किया है। पुलिस ने कहा कि नशा केवल शरीर को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को बर्बाद करता है। लोगों से अपील की गई है कि नशा न करें, न करने दें और नशे के अवैध कारोबार को पनपने न दें।
पुलिस ने आमजन से आग्रह किया है कि आसपास नशे से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस के अनुसार, आमजन की छोटी-सी पहल भी किसी की जिंदगी बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
बीकानेर रेंज पुलिस का ध्येय है— “अपराधियों में भय, आमजन में विश्वास।”













