Bikaner Live

प्राणीशास्त्र विभाग में प्रतिभा, ज्ञान और रचनात्मकता का शानदार संगम

बीकानेर, राजकीय महारानी सुदर्शन कन्या महाविद्यालय, बीकानेर के प्राणीशास्त्र विभाग में आज अंतर विभागीय बायोलॉजी क्विज, स्केच व सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन उत्साह, उमंग एवं रचनात्मकता से भरपूर वातावरण में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में छात्राओं ने अपने विषयगत ज्ञान, कलात्मक प्रतिभा और सांस्कृतिक हुनर का शानदार प्रदर्शन कर पूरे विभाग को जीवंत बना दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की पूजा एवं सरस्वती वंदना से हुआ। इसके पश्चात महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. रजनीरमण झा, मुख्य अतिथि प्रो. दिग्विजय सिंह, विशिष्ट अतिथि प्रो. रेनू दुर्गापाल तथा वरिष्ठ आचार्यगण प्रो. मंजू मीणा एवं प्रो. संजू श्रीमाली ने छात्राओं को संबोधित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया तथा प्रतियोगिताओं के लिए उन्हें हार्दिक शुभकामनाएँ प्रदान की।

अतिथियों का स्वागत प्राणीशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. कविता जोशी के नेतृत्व में विभाग के समस्त संकाय सदस्यों मुकेश स्वामी, सुधीर कुमार, कोमल राठौड़ एवं डॉ. पूजा मीणा तथा प्रयोगशाला सहायक तनुजा कंवर द्वारा किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. पूजा मीणा ने किया। आयोजन की पूरी जिम्मेदारी विभाग की टीम ने आपसी समन्वय एवं उत्साह के साथ संभाली, जिससे कार्यक्रम का प्रत्येक चरण व्यवस्थित एवं आकर्षक रूप से सम्पन्न हुआ।

प्रतियोगिताओं में बायोलॉजी क्विज ने छात्राओं के विषयगत ज्ञान, त्वरित सोच एवं आत्मविश्वास की परीक्षा ली, वहीं डेजर्ट एनिमल्स स्केच प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी कल्पनाशीलता एवं कलात्मक कौशल का बेहतरीन प्रदर्शन किया। दोनों प्रतियोगिताओं में छात्राओं की सक्रिय भागीदारी और उत्साह ने आयोजन को खास बना दिया।

कार्यक्रम केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसमें रंग, संगीत और नृत्य का भी शानदार समावेश देखने को मिला। छात्राओं ने मनमोहक नृत्य एवं गीतों की प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। वहीं छात्राओं द्वारा विभाग की आकर्षक सजावट एवं सुंदर रंगोली ने पूरे आयोजन को उत्सवी स्वरूप प्रदान किया।

दोनों प्रतियोगिताओं के सफल समापन के पश्चात प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को पुरस्कार एवं पौधे प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए, जिससे छात्राओं का उत्साह और भी बढ़ गया।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

Related Post

error: Content is protected !!