बीकानेर। पीबीएम अस्पताल की नई मूंधड़ा मेडिसिन विंग के बी वार्ड में रविवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब भर्ती मरीज के परिजन और उसकी पत्नी के साथ आए लोगों में जमकर मारपीट हो गई। एक युवक ने बेड के पास लगा ग्लूकोज स्टैंड उखाड़कर हमला करने की कोशिश की, जिससे वार्ड में भर्ती अन्य मरीजों में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार बी वार्ड के बेड नंबर 9 पर सरदारशहर निवासी 26 वर्षीय कृष्णनाथ पुत्र ओमनाथ गुरुवार से भर्ती है। रविवार को उसकी पत्नी मनीषा अपने रिश्तेदारों के साथ उससे मिलने पहुंची थी। बातचीत के दौरान कहासुनी हुई और देखते ही देखते दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की और लात-घूंसे चलने लगे। इस दौरान वहां मौजूद महिलाएं भी चपेट में आ गईं।
हंगामा इतना बढ़ा कि आसपास के बेड पर भर्ती मरीज और उनके परिजन वार्ड छोड़कर बाहर निकल गए। वार्ड में तैनात सुरक्षा गार्डों ने बीच-बचाव का प्रयास किया लेकिन दोनों पक्ष नहीं माने। सूचना पर पीबीएम पुलिस चौकी से जाब्ता मौके पर पहुंचा।
पीबीएम चौकी प्रभारी साहबराम डूडी ने बताया कि पीड़ित कृष्णनाथ ने रिपोर्ट दी है कि गंगाशहर सिने मैजिक के सामने रहने वाली उसकी पत्नी मनीषा, उसकी सास, मामा ससुर का लड़का अरविन्द, अजयराज, बुआ ससुर का लड़का और छोटे भाई की पत्नी सहित 4-5 अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट की।
वहीं सदर थानाधिकारी रमेश नयोल ने बताया कि युवक जहर खाने के बाद अस्पताल में भर्ती हुआ था और उसने पत्नी पर जहर देकर मारने की कोशिश का आरोप लगाया है। इस पारिवारिक विवाद को लेकर पहले से महिला थाने में मामला दर्ज है, अब युवक की रिपोर्ट पर सदर थाने में एक और मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।













