
ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की मौजूदगी में कार्रवाई, 46 प्रकरणों में जब्त डोडा-पोस्त, गांजा, एमडी और स्मैक का निस्तारण
बीकानेर, 27 अगस्त। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बीकानेर पुलिस ने विभिन्न थानों में दर्ज 46 प्रकरणों में जब्त अवैध मादक पदार्थों को नियमानुसार नष्ट करवाया। नष्ट किए गए मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत 55 लाख 18 हजार 75 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा द्वारा गठित ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई। इस दौरान 184 किलो 792 ग्राम डोडा-पोस्त, 10 किलो 830 ग्राम गांजा, 207.05 ग्राम एमडी, 52.08 ग्राम स्मैक और 41.95 ग्राम एमडीएमए नष्ट किया गया। इसके अतिरिक्त 92 अफीम के पौधे, जिनका वजन करीब 3 किलो 633 ग्राम था, का भी नियमानुसार निस्तारण किया गया।
नष्टीकरण की कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर चक्रवर्ती सिंह राठौड़ और पुलिस निरीक्षक अपराध सहायक सुभाष बिजारणियां की उपस्थिति में हुई। इस दौरान अपराध शाखा के उपनिरीक्षक सुगन, हेड कांस्टेबल लक्ष्मण, कांस्टेबल श्रवण कुमार और कांस्टेबल सुनील कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
बीकानेर पुलिस ने कहा कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य नशे के कारोबार पर निर्णायक प्रहार करते हुए सुरक्षित और नशामुक्त समाज की स्थापना करना है।














