Bikaner Live

भादवे की दूज पर बाबा रामदेव मंदिर में विशेष श्रृंगार, छप्पन भोग और भजन संध्या

बीकानेर। पुरानी गिनानी स्थित धवड़ियों के मोहल्ले में बाबा रामदेव मंदिर में भादवे की दूज के अवसर पर धार्मिक एवं भक्ति कार्यक्रमों का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर मंदिर में बाबा रामदेवजी का विशेष श्रृंगार किया गया तथा पूरे मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे गुब्बारों से आकर्षक ढंग से सजाया गया।
मंदिर में आयोजित विशेष पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धालुओं ने बाबा रामदेवजी के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर के विशेष श्रृंगार की व्यवस्था गोपाल तंवर द्वारा की गई। बाबा के दरबार को फूलों एवं रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजाए जाने से मंदिर का वातावरण भक्तिमय एवं आकर्षक नजर आया।
भादवे की दूज के पावन अवसर पर बाबा रामदेवजी को छप्पन भोग अर्पित किया गया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर बाबा को भोग लगाया। इसके बाद केक काटकर बाबा रामदेवजी का जन्मदिवस भी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया।
इस दौरान मंदिर परिसर में बाबा रामदेवजी के भजनों का आयोजन हुआ। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से “अजमल घर अवतार लियो” सहित विभिन्न भजनों का गायन किया। भजनों के दौरान श्रद्धालु बाबा की भक्ति में लीन नजर आए और पूरा मंदिर परिसर बाबा रामदेवजी के जयकारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम के अंत में बाबा रामदेवजी की आरती की गई तथा सभी श्रद्धालुओं को छप्पन भोग का प्रसाद वितरित किया गया। भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर बाबा रामदेवजी से परिवार में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

Related Post

error: Content is protected !!