

साध्वीश्री त्रिशला कुमारीजी की प्रेरणा से 24 घंटे अनवरत जप अनुष्ठान
गंगाशहर। पर्यूषण पर्व के छठे दिवस को जप दिवस के रूप में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। गंगाशहर स्थित तेरापंथ भवन में साध्वीश्री त्रिशलाकुमारी जी के सान्निध्य एवं प्रेरणा से नमस्कार महामंत्र का जप अनुष्ठान 24 घंटे अनवरत चल रहा है, जिसमें समाज के सभी आयु-वर्ग के लोग उत्साहपूर्वक सहभागी बन रहे हैं, बढ़-चढ़ कर भाग ले रहे हैं। प्रात: लगभग 5:15 बजे से प्रारंभ होने वाले जप अनुष्ठान में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं सामायिक के माध्यम से नमस्कार महामंत्र के जप से जुड़ रहे हैं। प्रतिदिन लगभग १५००-२००० तक सामायिक होना इस आध्यात्मिक अभियान की व्यापकता और समाज के उत्साह को दर्शाता है। जप दिवस के विशेष अवसर पर साध्वीश्री त्रिशला कुमारीजी की प्रेरणा से लगभग 250-300 श्रावक-श्राविकाओं ने रैली के रूप में एक साथ सामूहिक जप अनुष्ठान किया। सामूहिक रूप से नमस्कार महामंत्र के जप से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा और गंगाशहर की धरती महामंत्र की गूंज से गूंजायमान हो गई। साध्वीश्री त्रिशला कुमारीजी, साध्वीश्री कल्पयशा जी, साध्वीश्री रश्मिप्रभा जी, साध्वीश्री निश्चय प्रभा जी सहित सभी साध्वीवृंद के सान्निध्य एवं प्रेरणा से पर्युषण पर्व के दौरान समाज में एक अलग ही जोश और उत्साह देखने को मिल रहा है। बच्चे हों, युवा हों या वरिष्ठजन—हर आयु-वर्ग के लोग इस अनुष्ठान से जुड़कर सामूहिक साधना की शक्ति का अनुभव कर रहे हैं। यह 24 घंटे चलने वाला जप अनुष्ठान केवल सामूहिक चेतना, आध्यात्मिक ऊर्जा और कर्मनिर्जरा की दिशा में समाज की एक सशक्त साधना बन गया है। जप दिवस पर नमस्कार महामंत्र की गूंज ने पूरे वातावरण को श्रद्धा, भक्ति और सकारात्मक ऊर्जा से सराबोर कर दिया।
















