Bikaner Live

खोथांवाली में लोकमंथन यात्रा का भव्य स्वागत, मटका दौड़ में मातृशक्ति ने दिखाया दमखम

श्री गणेश ग्राम महोत्सव में संस्कृति, परंपरा और सामाजिक सरोकारों का संगम—नशामुक्ति व स्वस्थ समाज का दिया संदेश

नन्दलाल दुगरिया जिला श्रीगंगानगर राजस्थान

खोथांवाली। हनुमानगढ़ जिले की गोलूवाला तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत खोथांवाली में लोकमंथन यात्रा के पहुंचने पर ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। यात्रा के तहत आयोजित कार्यक्रमों में मातृशक्ति की विशेष भागीदारी रही। महिलाओं के लिए आयोजित मटका दौड़ प्रतियोगिता आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही, जिसमें महिलाओं ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में गांव के प्रमुख व्यक्तियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने शिरकत की। आयोजन का उद्देश्य भारतीय संस्कृति एवं ग्रामीण परंपराओं को बढ़ावा देने के साथ स्वास्थ्य जागरूकता और नशामुक्त समाज का संदेश जन-जन तक पहुंचाना रहा।

करीब चार वर्ष के अंतराल के बाद ग्राम पंचायत मुख्यालय पर इस तरह के सांस्कृतिक एवं पारंपरिक आयोजनों का आयोजन होने से ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। लोकमंथन यात्रा के तहत रस्साकशी, दौड़, कबड्डी सहित विभिन्न पारंपरिक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

श्री गणेश ग्राम महोत्सव बना आस्था और संस्कृति का केंद्र

इसी क्रम में प्रभात ग्राम समिति की ओर से आयोजित श्री गणेश ग्राम महोत्सव भी श्रद्धा, संस्कृति और सामुदायिक एकता का केंद्र बना। कार्यक्रम की शुरुआत जोहड़ पर पारंपरिक स्वागत एवं पुष्पमाला से हुई। इसके बाद ग्राम दर्शन के दौरान गोगामेड़ी, गुरुद्वारा साहिब एवं बाबा रामदेव मंदिर के दर्शन कराए गए।

विद्यालय प्रांगण में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में पांच कुंडीय गायत्री महायज्ञ, गणेश वंदना, पारंपरिक लोकनृत्य, लोकगायन, प्रतिभा सम्मान एवं गणेश स्थापना सहित विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। धार्मिक आयोजनों के साथ पारंपरिक खेल प्रतियोगिताओं ने भी ग्रामीणों का खूब उत्साह बढ़ाया।

रस्साकशी, लवणीय घाटी, हरदड़ा और कबड्डी जैसी प्रतियोगिताओं में ग्रामीणों ने उत्साह के साथ भाग लिया। आयोजन के दौरान ग्राम समुदाय की ओर से सामूहिक भोज का भी आयोजन किया गया।

मटका दौड़ ने दिया महिला सशक्तिकरण और स्वस्थ समाज का संदेश

कार्यक्रम के समापन अवसर पर समिति की टीम ने सभी अतिथियों, ग्रामीणों, मातृशक्ति एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक, धार्मिक, सामाजिक एवं नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रमों में ग्रामीणों से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

मटका दौड़ में मातृशक्ति की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने यह संदेश दिया कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखने के साथ स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

Related Post

error: Content is protected !!