
हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर लिया भाग
नन्दलाल दुगरिया जिला श्रीगंगानगर राजस्थान
सुंदरपुरा। सादुलशहर क्षेत्र के सुंदरपुरा गांव में पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संत श्री गगन गिरी जी महाराज ने अपने कर कमलों से पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और ग्रामीणों के सहयोग से विभिन्न स्थानों पर पौधे लगाए गए। संत श्री गगन गिरी जी महाराज ने पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल पर जोर देते हुए कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित रखना प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। अधिक से अधिक पौधे लगाकर और उनकी देखभाल करके आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरा-भरा वातावरण तैयार किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों में पौधारोपण को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम ने ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के साथ गांव में हरियाली बढ़ाने का सकारात्मक संदेश दिया।
















