भाजपा को 13 और निर्दलीयों को मिली 3 सीटें, वार्ड 35 में सिर्फ एक वोट से हुआ फैसला
नोखा। नगरपालिका चुनाव के परिणामों में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है। नगरपालिका के कुल 45 वार्डों में माकपा ने 29 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि भारतीय जनता पार्टी को 13 सीटें मिलीं। तीन वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहे।
चुनाव परिणामों में कई मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। वार्ड संख्या 35 में माकपा की मुन्नी देवी ने भाजपा की मोनिका देवी को महज एक वोट से हराया। मुन्नी देवी को 621 और मोनिका देवी को 620 मत मिले। वहीं वार्ड 21 में भाजपा की परमा देवी ने माकपा की नीलू को केवल दो वोटों से पराजित किया।
वार्ड संख्या 3 में माकपा की मंजू देवी ने भाजपा के जयकिशन को 12 वोट से, जबकि वार्ड 39 में माकपा के ओमप्रकाश ने भाजपा के दामोदर को 18 वोट से हराया। वार्ड 2 में भाजपा के रेंवतराम ने माकपा के भंवरलाल पर 24 मतों से जीत दर्ज की।
सबसे बड़ी जीत वार्ड संख्या 31 में माकपा के नरेश ने दर्ज की। उन्होंने भाजपा के रामेश्वरलाल को 530 मतों से हराया। इसके अलावा वार्ड 44 में माकपा के सुनील कुमार ने भाजपा के संदीप को 463 वोट और वार्ड 29 में माकपा के मुन्नीलाल ने भाजपा के मांगीलाल को 320 मतों से पराजित किया।
निर्दलीय उम्मीदवारों ने वार्ड संख्या 11, 30 और 33 में जीत दर्ज की। परिणामों के बाद नोखा नगरपालिका में माकपा का बोर्ड बनना लगभग तय हो गया है।
दलीय स्थिति
माकपा: 29 सीटें
भाजपा: 13 सीटें
निर्दलीय: 3 सीटें
कुल वार्ड: 45
















