
कांग्रेस ने 15 सीटें जीतीं, दो कांग्रेस समर्थित निर्दलीयों ने भी दर्ज की विजय
बीकानेर, 14 सितम्बर। देशनोक नगरपालिका चुनाव के परिणामों में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्पष्ट बढ़त हासिल की है। पूर्व मंत्री भंवर सिंह भाटी के अनुसार, नगरपालिका के कुल 25 वार्डों में कांग्रेस प्रत्याशियों ने 15 सीटों पर जीत दर्ज की है। इसके अलावा दो वार्डों में कांग्रेस समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहे। इस तरह कांग्रेस समर्थित विजयी प्रत्याशियों की संख्या 17 हो गई है।
पूर्व मंत्री भंवर सिंह भाटी ने इस जीत पर देशनोक की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह जनादेश देशनोक की जनता के विश्वास, प्रेम और आशीर्वाद की जीत है।
भाटी ने कहा कि मां करणी की कृपा और क्षेत्रवासियों के सहयोग से कांग्रेस को यह महत्वपूर्ण जनादेश मिला है। देशनोक में करवाए गए विकास कार्यों, जनहित के मुद्दों और जनता से निरंतर जुड़े रहने का परिणाम चुनाव में दिखाई दिया है।
उन्होंने कहा कि देशनोक की जनता ने कांग्रेस पर विश्वास जताकर विकास, जनसेवा और जनता से सीधे जुड़ाव को प्राथमिकता दी है। उन्होंने सभी विजयी कांग्रेस एवं कांग्रेस समर्थित पार्षदों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को बधाई दी।
भाटी ने कहा कि सभी निर्वाचित पार्षद जनता के जनादेश के अनुरूप देशनोक के विकास और जनहित के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। कांग्रेस समर्थित 17 प्रत्याशियों की जीत के बाद देशनोक नगरपालिका में कांग्रेस का बोर्ड बनना तय माना जा रहा है।
















