

नोखा । लाहोटी चौक के हनुमान मंदिर के समीप अयोध्या धाम में 29 जुलाई से परम पूज्य दंडी स्वामी ब्रह्मानंद महाराज के श्रीमुख से आयोजित हुई श्री वाल्मीकि रामायण कथा 59वें दिन 25 सितम्बर शुक्रवार को अंतिम उत्तरकांड की कथा के साथ ही सम्पन्न हो गई। कथा व्यास परम पूज्य ब्रह्मानंद महाराज ने नोखा चातुर्मास सतसंग समिति को बहुत-बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और सभी प्रकार की व्यवस्थाओं की प्रशंसा करते हुए सभी कार्यकर्ताओं और दूर-दराज से आए सभी दंडी साधु-संतों सहित सभी श्रोताओं, साज-वादकों, पत्रकारों, श्रमिकों आदि सभी को आशीर्वाद दिया। समिति द्वारा बाहर से आने वाले सभी दंडी साधु-संतों के पैर धोकर पूजा की और उन्हें दक्षिणा स्वरूप लिफाफा भेंट कर आशीर्वाद लिया। समिति के प्रहलाद मोहता ने पैर धोए, गिरधारी पारीक ने तिलक लगाया व दामोदर तिवारी ने जल डाला और पैरों पर पुष्प चढ़ाकर पूजा की रस्म पूरी की और श्रीबालाजी वाले केशरीचन्द तापड़िया ने दक्षिणा स्वरूप लिफाफा भेंट किया। समिति के मीडिया प्रभारी इन्द्रचन्द मोदी ने प्रेस नोट जारी करते हुए बताया कि 26 सितम्बर शनिवार को एक दिन का अवकाश रहेगा और 27 सितम्बर से 10 अक्टूबर तक श्री भागवत कथा होगी और 11 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक 100 कुंडीय महायज्ञ होगा।














