Bikaner Live

चिकित्सक का अच्छा व्यवहार मरीज की आधी बीमारी कर देता है दूर : श्री गुलाब चंद कटारिया

अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन की ओर से 38 चिकित्सकों का किया गया सम्मान

बीकानेर, 27 सितंबर। अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन, बीकानेर की ओर से गंगाशहर स्थित हंसा गेस्ट हाउस में चिकित्सक एवं चिकित्सा सेवा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में चिकित्सा क्षेत्र में विशिष्ट एवं उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले 38 चिकित्सकों का सम्मान किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक श्री गुलाब चंद कटारिया थे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि चिकित्सक का व्यवहार मरीज के प्रति अच्छा हो तो उसकी आधी बीमारी वैसे ही दूर हो जाती है। उन्होंने कहा कि कई बार देखने में आता है कि चिकित्सक बड़े पद पर पहुंचने के बाद उनका व्यवहार बदल जाता है, जबकि चिकित्सकीय सेवा में विनम्रता और मानवीय संवेदना का विशेष महत्व है।

श्री कटारिया ने कहा कि किसी चिकित्सक को डॉक्टर बनाने में केवल उसके माता-पिता का ही योगदान नहीं होता, बल्कि देश की गरीब जनता के खून-पसीने की कमाई से दिए गए टैक्स से निर्मित मेडिकल कॉलेजों और चिकित्सा शिक्षा पर होने वाले खर्च का भी महत्वपूर्ण योगदान होता है। इसलिए चिकित्सकों को अपनी योग्यता और क्षमता का उपयोग देश और समाज की सेवा के लिए भी करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जब कोई चिकित्सक मरीज को केवल मरीज के रूप में देखते हुए पूरी संवेदनशीलता और समर्पण से उसका इलाज करता है, तो वह मरीज के लिए भगवान के समान बन जाता है। उन्होंने कहा कि राजस्थान के मेडिकल कॉलेजों से शिक्षा प्राप्त कर अनेक चिकित्सक देश-विदेश में अपनी सेवाओं से नाम कमा रहे हैं, जो प्रदेश के लिए गौरव की बात है।

राज्यपाल श्री कटारिया ने कहा कि देश में वास्तविक परिवर्तन तब आएगा, जब प्रत्येक व्यक्ति दूसरों के लिए जीना सीखेगा। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि जो व्यक्ति दूसरों के काम नहीं आता, उसका जीवन सार्थक नहीं माना जा सकता। उन्होंने कहा कि व्यक्ति की पहचान उसके पद से नहीं, बल्कि उसके गुणों और कर्मों से होनी चाहिए।

नशामुक्ति का संदेश देते हुए श्री कटारिया ने कहा कि समाज को नशे से बचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए परिवार, समाज और विभिन्न सामाजिक संगठनों को मिलकर निरंतर प्रयास करने की आवश्यकता है।

अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन, बीकानेर के अध्यक्ष श्री विनोद बाफना ने बताया कि समारोह का उद्देश्य चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले चिकित्सकों का सम्मान कर उनके योगदान को रेखांकित करना तथा समाज में सेवा भावना को प्रोत्साहित करना है।

समारोह में श्रीडूंगरगढ़ विधायक श्री ताराचंद सारस्वत, अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन की महिला अध्यक्ष श्रीमती ममता राठी, युवा अध्यक्ष श्री किशन अग्रवाल, महामंत्री श्री किशन लोहिया, कोषाध्यक्ष श्री विनोद धानुका, श्री सुभाष मित्तल, श्री कन्हैया लाल बोथरा, श्रीमती सरिता नाहटा, श्रीमती शर्मिला चोरड़िया, श्री विजय बाफना सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं समाज के लोग उपस्थित रहे।

Picture of Gordhan Soni

Gordhan Soni

खबर

http://

Related Post

error: Content is protected !!