बीकानेर, 27 सितंबर। बीकानेर के वरिष्ठ पत्रकार एवं दैनिक भास्कर के सीनियर सब एडिटर अशोक राजपुरोहित का रविवार सुबह करीब 6 बजे असामयिक निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से असाध्य बीमारी से जूझ रहे थे और पीबीएम अस्पताल में चिकित्सकों की टीम की देखरेख में उपचार चल रहा था। उनके निधन की खबर से बीकानेर के पत्रकार जगत सहित विभिन्न क्षेत्रों में शोक की लहर है।
अशोक राजपुरोहित ने पत्रकारिता के क्षेत्र में 25 वर्ष से अधिक समय तक सेवाएं दीं। उन्होंने दैनिक भास्कर में सीनियर सब एडिटर के रूप में कार्य किया। इससे पहले वे राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे। उन्होंने बीकानेर सहित राजस्थान के विभिन्न संस्करणों में पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दीं। अपने लंबे पत्रकारिता जीवन के दौरान उन्हें संस्थानों के साथ-साथ विभिन्न सार्वजनिक समारोहों में भी सम्मानित किया गया।
करीब 50 वर्षीय अशोक राजपुरोहित चार भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके परिवार में पत्नी, पुत्र-पुत्री सहित अन्य परिजन हैं। वे स्वर्गीय भंवर सिंह राजपुरोहित, ग्राम अरबा के सुपुत्र थे तथा वर्तमान में धोबीधोरा, सूरसागर क्षेत्र में निवास कर रहे थे।
आज निकलेगी अंतिम यात्रा
परिजनों के अनुसार अशोक राजपुरोहित की अंतिम यात्रा रविवार शाम 4 बजे उनके निवास स्थान धोबीधोरा, सूरसागर से राजपुरोहित मुक्तिधाम, रानी बाजार स्थित पट्टी पेड़ा के लिए रवाना होगी।
उनके निधन पर बीकानेर के पत्रकारों, प्रबुद्धजनों और परिचितों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
बीकानेर लाइव ग्रुप और परिवार भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करता है
शोकाकुल परिवार: मानवेन्द्र सिंह (मनन) पुत्र तथा विक्रम सिंह, आनंद सिंह एवं महेश सिंह—भाई।














