गांधी पार्क में सुबह 7 से 9 बजे तक प्राकृतिक वातावरण में किताबों के साथ बिताया समय
बीकानेर, 27 सितम्बर। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर रविवार को ज़िले में पहली बार ‘साइलेंट रीडिंग सेशन’ का आयोजन गांधी पार्क में किया गया। सुबह 7 से 9 बजे तक आयोजित इस विशेष आयोजन में जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन, एसपी श्री मृदुल कच्छावा, सीईओ जिला परिषद श्रीमती शैलजा पांडे, एसडीएम बीकानेर सुश्री महिमा कसाना, आईएएस सुश्री स्वाति शर्मा, आईएएस श्री मनु गर्ग सहित बड़ी संख्या में युवाओं एवं पुस्तक प्रेमियों ने भाग लिया।
बीकानेर बुक क्लब के संस्थापक श्री पुलकित सेठिया तथा क्लब के सदस्य प्राची रुस्तगी, गर्वित जैन, मेहुल सोनी, गौरव अरोड़ा, ख्याति मोदी, इशिता यादव, प्रतीक जैन, नीति बोथरा, मधुरम आचार्य व अन्य लोग अपनी-अपनी पसंदीदा पुस्तकें लेकर गांधी पार्क पहुंचे और प्राकृतिक वातावरण के बीच शांतिपूर्वक पुस्तकों का अध्ययन किया।
*युवाओं में रीडिंग हैबिट विकसित करने की पहल*
इस अवसर पर जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन ने मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा कि युवाओं में रीडिंग हैबिट विकसित करने के उद्देश्य से विश्व पर्यटन दिवस पर बीकानेर बुक क्लब और बीकानेर विकास प्राधिकरण (बीडीए) के संयुक्त तत्वावधान में साइलेंट रीडिंग सेशन का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।उन्होंने कहा कि बीकानेर पढ़ने-लिखने वालों का शहर है और इस पहल को आगे भी निरंतर जारी रखा जाएगा।
एसपी श्री मृदुल कच्छावा ने कहा कि विश्व पर्यटन दिवस पर जिले में यह एक अच्छी शुरुआत हुई है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे मोबाइल फोन से कुछ समय दूरी बनाकर अपनी पसंदीदा पुस्तकों को पढ़ने में समय व्यतीत करें।
*युवाओं को पुनः पुस्तकों से जोड़ने के लिए विशेष पहल*
पर्यटन विभाग के उप निदेशक श्री कृष्ण कुमार ने बताया कि किताबों से दूर होते जा रहे युवाओं को पुनः पुस्तकों से जोड़ने के उद्देश्य से बीकानेर बुक क्लब द्वारा बीकानेर विकास प्राधिकरण के सहयोग से विश्व पर्यटन दिवस पर इस आयोजन की शुरुआत की गई है। अब प्रत्येक रविवार को ‘साइलेंट रीडिंग सेशन’ का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक रविवार को प्रातः 7 से 9 बजे तक युवा गांधी पार्क में अपनी पसंदीदा पुस्तकों के साथ पहुंचेंगे और मोबाइल फोन बंद कर शांत एवं प्राकृतिक वातावरण में पुस्तकों का अध्ययन करेंगे। इसके लिए बीकानेर बुक क्लब की ओर से युवाओं का पंजीकरण भी किया जा रहा है।
*छह सप्ताह तक चलेगा विशेष साइलेंट रीडिंग सेशन*
बीकानेर बुक क्लब के संस्थापक श्री पुलकित सेठिया ने बताया कि क्लब द्वारा प्रत्येक माह के तीसरे रविवार को बुक रिव्यू सेशन आयोजित किया जाता है। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर इस बार छह सप्ताह का विशेष ‘साइलेंट रीडिंग सेशन’ शुरू किया गया है। इसका उद्देश्य युवाओं को मोबाइल एवं डिजिटल माध्यमों से कुछ समय दूर रखते हुए पुस्तकों के साथ समय बिताने और नियमित रूप से पढ़ने के लिए प्रेरित करना है।
ज़िले के ही एक अन्य बुकक्लब “द बुकमार्क सोसाइटी” के संस्थापक श्री ऋत्विक सेठिया ने बताया कि उनका बुक क्लब भी प्रशासन के साथ सहयोग करते हुए आगामी सभी आयोजनों में अपनी भागीदारी निभाएगा।
बीकानेर कलेक्टर श्री निशान्त जैन और प्राधिकरण आयुक्त श्रीमती स्नेहल धायगुड़े ने भी युवाओं से साइलेंट रीडिंग सेशन से जुड़ने और इस पहल को सफल बनाने की अपील की है।



















